Breaking News

Bihar Crime News: कैमूर में बेटे ने पिता की गोली मारकर की हत्या, बीच-बचाव करने आया भाई भी घायल

 


बिहार के कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कसेर गांव में बेटे ने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने गए मृतक के बड़े भाई गोली लगने से जख्मी हो गए। मृतक 65 वर्षीय कोमल पांडेय कसेर गांव के निवासी थे। घायल बब्बन पांडेय का इलाज कराया जा रहा है। यह घटना रविवार की सुबह नौ बजे हुई। गोली की आवाज सुनकर पहले तो ग्रामीणों के बीच भगदड़ मची, लेकिन थोड़ी देर के बाद स्थिति समान्य होने पर लोग मृतक के घर पहुंचने लगे।

दरअसल, किसी बात को लेकर कोमल पांडेय और उनके बेटे के बीच नोकझोंक हो रही थी। इसी दौरान जब बात बढ़ी तो गुस्से में उनके बेटे ने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने इसकी सूचना भगवानपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों व वहां मिले ग्रामीणों से वारदात के बारे में जानकारी ली। फिर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया। 

थानाध्यक्ष राकेश कुमार रोशन ने बताया कि किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी नोकझोंक हो रही थी। इसी दौरान गुस्से में आकर पुत्र ने पिता पर गोली चला दी। गोली लगने से पिता की मौत हो गई। उन्होंने बताया लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा व गोली को पुलिस ने बरामद किया है।

देसी कट्टा व छह गोलियां बरामद
गोली मारकर वृद्ध पिता की हत्या किए जाने की घटना के बाद कसेर गांव पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से देसी कट्टा व छह गोलियां जब्त की है। इस घटना के बाद कसेर गांव में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। लोगों की भीड़ जुट गई। हत्या का कारण घरेलू प आपसी विवाद बताया जाता है। 

माला पांडेय को तलाश रही पुलिस
थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि कसेर गांव के माला पांडेय द्वारा अपने पिता की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। वारदात के बाद से माला पांडेय फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।