मोतिहारी में डिवाइडर से टकराई कार लॉरी ट्रक से भिड़ी, तीन दोस्तों की मौत
रामगढ़वा थाना क्षेत्र के एनएच 28 ए पर तिलावे पुल के समीप कार के डिवाइडर से टकराने व उसके बाद लॉरी ट्रक से आमने सामने की टक्कर होने पर कार में बैठे तीन युवकों की मौत घटनास्थल पर हो गयी। वहीं तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे की है।
जानकारी के अनुसार रामगढ़वा चिकनी निवासी रोहित कुमार उर्फ भोला अपने मित्रों दीपक कुमार गुप्ता, गोलू कुमार गुप्ता, बिट्टू कुमार, संजीव कुमार व अमित कुमार के साथ रामगढ़वा पेट्रोल पंप पर कार में डीजल लेने गया था। लेकिन पेट्रोल पंप पर डीजल नहीं मिलने के कारण वे डीजल लेने आमोदेई चौक स्थित पेट्रोल पंप पर चले गये। जहां तेल लेने के बाद रोहित अपने दोस्तों को रामगढ़वा बाजार घर छोड़ने का रहा था। तभी रामगढ़वा एनएच 28 पर तिलावे पुल के समीप कार का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकरा गयी। उसके बाद कार पीछे से आ रहे एक लॉरी ट्रक से टकरा गयी। जिससे दीपक कुमार गुप्ता व गोलू कुमार गुप्ता की मौत घटनास्थल पर हो गयी। जबकि कार चला रहे रोहित कुमार, बिट्टू कुमार, संजीव कुमार व विकास कुमार को जख्मी अवस्था में रामगढ़वा स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया।
चिकित्सक डॉ रेयाजुल ने स्थिति को गम्भीर देखते हुए उन्हें रक्सौल रेफर कर दिया। जहां रोहित कुमार उर्फ भोला की अस्पताल पहुंचने से पूर्व रास्ते में मौत हो गयी। वहीं बिट्टू कुमार व संजीव कुमार को परिजन मोतिहारी व पटना इलाज के लिए ले गए । घटना के बाद रामगढ़वा पुलिस जमादार विजय शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ स्थानीय बाजार के ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंच कर क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रात में ही भेज दिया। शवों का पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।