Breaking News

कोर्ट ने इलाज के लिए पप्पू यादव को जेल से बाहर ले जाने की दी अनुमति, JAP प्रमुख को भेजा जा सकता है DMCH

 






32 साल पुराने अपहरण मामले में सुपौल जिले के वीरपुर जेल में बंद जन अधिकार पार्टी के संरक्षक व पूर्व सांसद पप्पू यादव को इलाज के लिए मधेपुरा कोर्ट में बाहर ले जाने की अनुमति दे दी है। इलाज के लिए उन्हें कहां ले जाया जाएगा इस पर फिलहाल सुपौल जिला प्रशासन और मधेपुरा जेल प्रशासन ने सस्पेंस बना रखा है। वैसे सूत्रों की माने तो सुपौल जिले का रेफरल अस्पताल दरभंगा का डीएमसीएच है। माना जा रहा है कि पूर्व सांसद को फिलहाल डीएमसीएच में ही शिफ्ट किया जाएगा। उधर, पूर्व सांसद को जेल से बाहर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। दोपहर लगभग 2 बजे से ही वीरपुर जेल के बाहर प्रशासनिक वाहन और अधिकारी पहुंचने लगे थे। इससे पहले उनके स्वास्थ्य जांच के लिए बुधवार की देर शाम मेडिकल बोर्ड के सदस्य वीरपुर जेल जाकर पूर्व सांसद के स्वास्थ्य की जांच की। उन्होंने पूर्व सांसद को इलाज की आवश्यकता बताते हुए हायर सेंटर रेफर करने की अनुशंसा की थीं। 


बता दें कि पप्पू यादव को पटना पुलिस ने मंगलवार को पटना स्थित उनके आवास् से लॉक डाउन के उल्लंघन को लेकर हिरासत में लिया था। बाद में मधेपुरा से गई पुलिस ने उन्हें जिले के कुमारखंड थाना में दर्ज कांड संख्या 9/89 में फरार रहने के कारण गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार देर रात ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उनकी मधेपुरा कोर्ट में पेशी की गई जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में वीरपुर में बने क्वारंटाइन जेल में भेज दिया। 


पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही पूर्व सांसद लगातार अपनी बीमारी का हवाला देकर चिकित्सीय सुविधा की मांग कर रहे थे। चिकित्सा सुविधा देने और वीरपुर जेल में कोई सुविधा नहीं होने को लेकर उन्होंने बुधवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। हालांकि बाद में कुछ सुविधाएं उपलब्ध करा देने के बाद उन्होंने अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी थी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।