Breaking News

पटना में बेखौफ चोर, 3 बंद फ्लैटों में लाखों की चोरी, अपार्टमेंट के गार्ड से पूछताछ


रूपसपुर के आईएएस कॉलोनी के जया नीलम विहार अपार्टमेंट में चोरों ने फिर तीन फ्लैटों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सभी फ्लैटों का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात समेत कीमती सामान चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करते हुए अपार्टमेंट के गार्ड से पूछताछ में जुट गई है। 

बताया जाता है कि शनिवार की रात जया नीलम विहार अपार्टमेंट के बंद फ्लैट- 101,103 एवं 304 का ताला तोड़कर चोरों ने घटना का अंजाम दिया है। फ्लैट-101 निवासी एसपी शर्मा अपने फ्लैट को शेखपुरा निवासी रोहन कुमार को दे रखा है। रोहन ने बताया कि दो माह से वह शादी को लेकर गांव गया हुआ था। सुबह चोरी की जानकारी मिली। 

अपार्टमेंट के सचिव निखिल शरण ने बताया कि रविवार की सुबह अपार्टमेंट के गार्ड अशोक प्रसाद ने बताया कि तीन फ्लैट का ताला टूटा हुआ है। उसने बताया कि सुबह उठा तो उसका दरवाजा भी बाहर से बंद था। फ्लैट में रहने वाले एक आदमी का कोई रिश्तेदार आया था। गेट खोलने के लिए फोन किया तो देखा कि मेरा दरवाजा बाहर से बंद है। किसी तरह दरवाजा खुलवाया और जाकर देखा तो तीन फ्लैट का ताला टूटा हुआ था सारा सामान बिखरा पड़ा था। निखिल शरण ने बताया कि फ्लैट-101 एसपी शर्मा का है, जो किराया पर दे रखा है। फ्लैट संख्या 105 प्रियंजय पांडेय (बैककर्मी) का है उनके फ्लैट में भी किरायेदार रहता था, जबकि फ्लैट संख्या 304 प्रभात कुमार का है जो मुंगेर में पथ निर्माण विभाग में अभियंता हैं। सभी को सूचना दे दी गयी है। उन लोगों के आने के बाद ही चोरी गये सामानों का सही आंकलन हो पायेगा। 

उन्होंने बताया कि पिछले 28 अप्रैल को भी चोरों ने अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 203, 205 एवं 404 का ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया  था। थानाध्यक्ष मधुसूदन कुमार ने बताया कि तीन बंद फ्लैटों का ताला तोड़ चोरी की घटना का अंजाम  दिया गया है। गार्ड से पूछताछ की जा रही है। फ्लैट मालिक के आने के बाद चोरी गये सामान की सही जानकारी मिल पायेगी। उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट में सीसीटीवी नहीं लगाया गया है, जबकि पिछली घटना के बाद सीसीटीवी लगाने की बात कही गई थी। छानबीन की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।