आंखों के इलाज के लिए भी बिहार छोड़ दिल्ली जा रहे हैं? नीतीश कुमार पर लालू की बेटी रोहिणी ने कसा तंज
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों दिल्ली में हैं। माना जा रहा है कि जदयू भी अगले विस्ता में मोदी सरकार में शामिल होगा। इसे लेकर पूछे गए सवाल पर मंगलवार को सीएम नीतीश ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। उनकी आंखों में तकलीफ थी, इसलिए वो इलाज कराने दिल्ली एम्स आए हैं। पटना की जगह दिल्ली में आंख की जांच की बात लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को अटपटी लगी और उन्होंने नीतीश पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है।
रोहिणी ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि जब संभल नहीं रहा है राज्य तो क्यों नहीं कुर्सी से उतर जाते जनमत चोरों के सरदार। खुद अपनी नाकामी का ही ढोल पिट रहे हैं। आंखों के इलाज के लिए भी बिहार छोड़ दिल्ली जा रहे हैं।
मालूम हो कि केंद्रीय कैबिनेट में शामिल होने के लिए जेडीयू खूब जोर लगा रही है। समय-समय पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के इस बारे में बयान आ रहे हैं। बीते दिनों जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा था कि उनका बीजेपी से सालों का संबंध है और उनके शीर्ष नेतृत्व में भी कोई कटुता नहीं है। ऐसे में निश्चित रूप से वे केंद्र में भी शामिल होंगे। ये आपसी समन्वय की बात है।
उन्होंने कहा था कि ऐसा होने से माहौल और भी बेहतर होने में कामयाब होंगे। जिन लोगों को लगता है कि हम एनडीए में हैं और शामिल नहीं हो रहे हैं तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। हम दोनों जगह रहेंगे और दोनों जगह हमारी भागीदारी भी होगी।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।