Breaking News

बिहार: अवैध संबंध का लगा रही थी आरोप तो मार डाला... सनकी पति की करतूत, गला दबाकर की पत्नी की हत्या, शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका






बिहार के भोजपुर जिले में एक सनकी पति ने गला दबाकर पत्नी को मार डाला। इसके बाद घटना को हादसे का रंग देने के लिए उसके शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से महिला का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हालांकि आरपीएफ टीम की तत्परता से कातिल पति मौके से पकड़ा गया और सारा भेद खुल गया। 


घटना शनिवार की रात कुलड़िया रेलवे स्टेशन के समीप की है। मृत महिला कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहां गांव निवासी भुनेश्वर प्रसाद यादव की 40 वर्षीया पत्नी सरिता देवी थी। गिरफ्तार भुवनेश्वर यादव ने रेल पुलिस के समक्ष अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार उसने बताया कि पत्नी अक्सर उस पर दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने का आरोप लगा रही थी। इससे तंग आकर उसने शनिवार की रात साड़ी से गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और शव रेलवे ट्रैक पर रख दिया। तभी राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन आ गयी और उसकी पत्नी का शव कटकर कई टुकड़ों में बंट गया। 



इस संबंध में कुल्हड़िया स्टेशन स्थित आरपीएफ आउट पोस्ट पर तैनात एएसआई उदय कुमार सिंह के बयान पर आरा रेल थाने में भुवनेश्वर यादव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इसके बाद आरोपित पति भुवनेश्वर यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बीते 17 मई को भी जिले में एक महिला की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। उसमें में भी पति पर ही हत्या का आरोप लगा था।


धनडीहां निवासी भुवनेश्वर यादव शनिवार को पत्नी के साथ बच्चों के लिए किताब सहित अन्य सामान खरीदने आरा गया था। देर शाम दोनों पैसेंजर ट्रेन से वापस लौट रहे थे। करीब आठ बजे दोनों ट्रेन से कुल्हड़िया उतरे और पैदल ही गांव की ओर चल पड़े। इस बीच अवैध संबंध की शिकायत से परेशान चल रहे भुवनेश्वर यादव ने पत्नी को रास्ते से हटाने का आइडिया आया। बाद सुनसान और एकांत जगह देख उसने पहले साड़ी से गला दबाकर पत्नी को मार डाला। फिर शव को स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर रख दिया। तभी पुलिस आ गयी। उसने पुलिस के समक्ष पूछताछ में यह बात कबूल की है। 

इधर, भुवनेश्वर यादव के बेटे प्रीतम कुमार ने बताया कि मां और पिता शनिवार की सुबह करीब नौ बजे घर से आरा के लिए निकले थे। लेकिन, शाम तक दोनों घर वापस नहीं आ सके। तब उसने रात करीब नौ बजे अपने पिता के मोबाइल पर फोन किया। उस दौरान उसके पिता ने बताया कि वे दोनों ट्रेन पर चढ़ गये हैं और आ रहे हैं। इसके बाद भी देर देर शाम वह वापस घर नहीं लौटे, तो एक घंटे  बाद फिर पिता पर फोन किया, लेकिन तब उनसे बात नहीं हो पायी। रविवार की सुबह स्थानीय थाना पुलिस के जरिए उसे सूचना इस घटना की जानकारी मिली। 


महिला की हत्या से घर में कोहराम, बच्चे बेहाल

सरिता देवी की हत्या से उसके घर में कोहराम मचा है। मां के लिये बच्चे बेहाल हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया है। एक ओर बच्चों की मां हमेशा के लिये छोड़ कर चली गयी। वहीं पिता भी जेल चले गये। बताया जाता है कि सरिता देवी को तीन पुत्री रिंकी, पूजा प्रियांशु और एक पुत्र प्रीतम कुमार है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।