पलभर में उजड़ी दो सुहागिनों की मांग, भूमि विवाद में चाचा-भतीजा की नृशंस हत्या, एक महिला की हालत नाजुक
कटोरिया थाना क्षेत्र के कठौन पंचायत के खांड़ीपर डोमकट्टा गांव के ललमटिया टोला में गुरुवार सुबह भूमि विवाद को लेकर चल रहे पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमलाकर चाचा-भतीजा की नृशंस हत्या कर दी गई। जबकि एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक गांव के स्व जगदीश राय का पुत्र टेंटु उर्फ बिनोद राय (55) एवं बटनेश्वर राय का पुत्र रंजीत राय (30) बताया गया है। जबकि जख्मी महिला गांव के भरत राय की 30 वर्षीय पत्नी जमनी देवी है।
इस घटना में जमनी देवी के 7 वर्षीय बेटे सुधीर कुमार को भी हल्की चोट लगी है। कटोरिया पुलिस द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। वहीं रेफरल अस्पताल कटोरिया में जख्मी महिला का प्राथमिक उपचार कर बांका रेफर कर दिया गया है। घटना गुरुवार सुबह के साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। घटना को लेकर मृतक टेंटु राय की पत्नी निर्मला देवी द्वारा दिए गए फर्द बयान पर गांव के नरेश राय सहित 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।
परिजनों के अनुसार टेंटु राय अपने भतीजे रंजीत के साथ लगभग डेढ़ साल से थाना क्षेत्र के मचवरिया गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। दोनों चाचा-भतीजा मचवरिया गांव में सोमवार को होने वाले पूजा का निमंत्रण देने एवं बकरा लेने के लिए बाइक से ललमटिया गांव अपने घर आए थे। जिसकी भनक आरोपियों को लग गई। सभी आरोपियों ने वापस लौटते वक्त दोनो को रास्ते में कुल्हाड़ी, फरसा, टंगली जैसे धारदार हथियारों से सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों को काटकर (गोद-गोद कर) हत्या कर दी।
हो-हल्ला सुनकर जमनी देवी एवं उसका पुत्र मौके पर पहुंचे तो उन लोगों पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रेमचंद्र सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, अनि महेश झा, सअनि सरबी कुमार ने सदलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। घटनास्थल से आरोपी का चप्पल व गमछा, मृतक टेंटु के हाथ का अंगूठा, बाइक बरामद किया गया है।
डेढ साल पूर्व हुई थी आरोपी के पुत्र की हत्या
बता दें कि गत 7 दिसंबर 2019 को इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी नरेश राय के
19 वर्षीय पुत्र पवन राय की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई थी।
जिसमें दोनों मृतक एवं जख्मी महिला के पति को भी नामजद आरोपी बनाया गया था।
दो महीने पहले ही मृतक रंजीत जेल से जमानत पर छूट कर आया था। जबकि जख्मी
महिला का पति अभी भी जेल में है।
बताया जा रहा है कि पवन राय की हत्या के बदले को लेकर ही घटना को अंजाम दिया गया। इधर घटना के बाद नामजद सभी अभियुक्त घर से फरार हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर ललमटिया गांव सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। एसडीपीओ के नेतृत्व में कटोरिया सहित आसपास के थानों की पुलिस एवं सुरक्षा बल हत्यारों को पकड़ने के लिए छापेमारी में जुट गई है।
वट सावित्री के दिन ही उजड़ गई दो सुहागिन की मांग
गुरुवार को एक तरफ जहां क्षेत्र में सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र
के लिए वट सावित्री की पूजा कर रही थी। वहीं दूसरी ओर जमीन के लालच में
हत्यारों ने बेहरमी से कटोरिया थाना क्षेत्र के ललमटिया गांव में दो
सुहागिनों की मांग को उजाड़ दिया। दो पक्षों में चल रहे साढ़े चार बीघा
जमीन के विवाद में चाचा-भतीजा को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मचवरिया गांव स्थित ससुराल में होने वाले पूजा के लिए बकरा लेने एवं परिजनों को निमंत्रण देने गुरुवार को टेंटू उर्फ बिनोद राय अपने भतीजे रंजीत राय के साथ घर आया। लेकिन वापस लौट नहीं सका। घर से दोनों चाचा- भतीजा की एक साथ अर्थी उठी। वहीं हमलावरों की वार से एक महिला अस्पताल में मौत से लड़ रही है। जबकि उस अभागीन का पति जेल में बंद है और उसके मासूम बच्चे घर में बिलखते हुए भगवान से मां के जिंदा लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।
मृतक रंजीत के चार वर्षीय मासूम पुत्र आयुष के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं मृतक टेंटू का पूरा परिवार बिखर गया। थाना के गेट पर बैठकर इंसाफ की गुहार लगा रही मृतक रंजीत की पत्नी कविता देवी, टेंटू की पत्नी निर्मला देवी, पुत्री दुलारी देवी, पुत्र हरिनंदन राय अपना सर पटककर दहाड़ मार रहे थे। गांव के अन्य लोग परिजनों को संभाल रहे थे।
मृतक रंजीत की पत्नी कविता देवी बार-बार इतना ही दोहराती रही कि इससे अच्छा हमको मार देता, अब मेरे बेटे का क्या होगा, अब मेरे जीवन में बचा ही क्या, इतना जानती तो कभी पति को घर नहीं आने देती, एक ही झटके में सब कुछ खत्म हो गया, पता नहीं भगवान इतना निर्दयी कैसे हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।