पटना: होटल में 16 दिनों से ठहरे युवक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- बहुत परेशान करता था दोस्त
पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के सब्जीबाग स्थित एक होटल में 16 दिनों से ठहरे युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। युवक की पहचान नसीब अख्तर के बेटे वसीम अकरम के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतक मूलरूप से पूर्णिया जिले के केहाट थानांतर्गत बरही चौक का रहने वाला था। वह पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित सब्जीबाग स्थित कृष्णा होटल में ठहरा था। उसके पास से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें वसीम ने एक दोस्त के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है।
सुसाइड नोट में लिखा है कि उसका दोस्त उसे काफी परेशान कर रहा था। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया आर्थिक तंगी के कारण युवक की आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को जब्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिये पीएमसीएच भेज दिया।
शाम के वक्त होटल का कर्मी जब वसीम के कमरे की ओर गया तो वह भीतर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब उसने कमरा नहीं खोला तो कर्मी ने पुलिस को खबर दी। काफी पता लगाने के बाद यह बात सामने आयी कि वसीम का एक रिश्तेदार खजांची रोड में रहता है। इसके बाद उसे बुलाया गया। रिश्तेदार की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस घुसी तो भीतर वसीम की लाश मिली। पुलिस के मुताबिक कई वर्षों से वसीम अपने घर नहीं गया था। वह मानसिक तनाव में रह रहा था। उसने शादी भी नहीं की थी। प्रथम दृष्टया वसीम के सट्टेबाजी के धंधे में होने की बात सामने आयी है। हालांकि इस पहलू पर पुलिस जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।