Breaking News

बिहार में मोतिहारी और दरभंगा समेत कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर, सड़कों पर 4 फीट तक पानी भरा

 




बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। मोतिहारी और दरभंगा में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। कई सड़कें पानी में डूब गई हैं। इनसे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। कुछ सड़कों पर पानी तीन से चार फीट ऊपर तक बह रहा है। 

मोतिहारी के 12 प्रखंड की करीब छह लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। वहीं मोतिहारी नगर निगम के दस वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जिले के तेतरिया व मेहसी ब्लॉक बाढ़ की चपेट में आने से प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो गया है। सुगौली में जलस्तर में कमी के बावजूद बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।



बंजरिया ब्लॉक के तेरह पंचायतों का आज भी ब्लॉक मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग है। मोतिहारी, तुरकौलिया, केसरिया, फेनहरा सहित अन्य ब्लॉक में बाढ़ का कहर जारी है। मुजफ्फरपुर नरकटिया गंज रेल खंड पर पांचवें दिन भी रेल परिचालन बंद रहा। वहीं मुजफ्फरपुर सुगौली रक्सौल रेल खंड पर आज से रेल परिचालन शुरू हुआ। 

डुमरिया घाट व गंडक चटिया में जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। लाल बेगिया सिकरहना व लाल बकेया गुवाबारी में बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में गिरावट आई है। अहिरौलिया में बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर स्थिर बना है। गंडक बराज वाल्मीकि नगर ने गुरुवार को 2,41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा है।

दरभंगा में केवटी प्रखंड में अधवारा समूह की नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने से कई सड़कों पर आवागमन ठप हो गया है। प्रखंड के असराहा-कोठिया, असराहा-जेठियाही ननौरा- मुहम्मदपुर तथा खिरमा-असराहा मार्ग पर पानी बहने से आवागमन बाधित हो गया है। खिरमा-बिरखौली मार्ग पर तीन से चार फीट पानी के बहाव से आवागमन ठप हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।