Breaking News

सुनील शेट्टी ने पूरी बिल्डिंग सील होने की खबरों को बताया गलत, कहा- ‘कोई डेल्टा वेरिएंट नहीं मिला’

 




देश में दूसरी लहर का असर काफी हद तक कम हो गया है हालांकि तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा डेल्टा वेरिएंट को लेकर भी अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। इस बीच बीते सोमवार को खबर आई कि अभिनेता सुनील शेट्टी की मुंबई स्थित बिल्डिंग को सील कर दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि उनकी बिल्डिंग में कोविड 19 के डेल्टा वेरिएंट मिले हैं। जिसके बाद यह एक्शन लिया गया। अब इस पर सुनील शेट्टी ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ट्वीट कर बताई सच्चाई

सुनील शेट्टी ने इसे फेक न्यूज बताया है। उन्होंने कहा यह किसी वायरस से ज्यादा तेजी से फैलता है। सुनील शेट्टी लिखते हैं कि ‘वाओ, एक बात जरूर कहना चाहता हूं कि फेक न्यूज किसी भी वायरस से जल्दी फैलता है। कृपया दहशत मत फैलाइए। मेरी बिल्डिंग की सोसाइटी में कोई डेल्टा वेरिएंट नहीं मिला है। केवल एक कोविड पॉजिटिव केस है। मरीज ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज करा रहा है। बाकी सभी निगेटिव हैं और सेल्फ क्वारंटाइन हैं।‘

सभी लोग सुरक्षित

सुनील शेट्टी अपने अगले ट्वीट में लिखते हैं कि ‘मेरी बिल्डिंग सुरक्षित है और मेरा परिवार ठीक है। एक विंग में नोटिस लगाया गया है लेकिन पूरी बिल्डिंग को सील किए जाने की खबरों में सच्चाई नहीं है। मेरी मां, मेरी पत्नी माना, अहान, अथिया और मेरा स्टाफ, साथ ही पूरा बिल्डिंग ठीक है। शुक्रिया आपकी दुआओं के लिए। सॉरी दोस्तों, नो डेल्टा।‘

पहले क्या कहा गया

बता दें कि कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि सुनील शेट्टी की मुंबई स्थित पृथ्वी अपार्टमेंट्स बिल्डिंग को सील कर दिया गया है। बिल्डिंग दक्षिणी मुंबई के अल्टामाउंट रोड पर स्थित है। बताया गया कि बिल्डिंग में कोरोना के कई मामले सामने आने के बाद बीएमसी ने यह कदम उठाया है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि डेल्टा वेरिएंट के 3 मामले सामने आए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।