खेलो इंडिया का बजट 328,77 करोड़ से बढ़ाकर 657,71 करोड़ किया : राधामोहन सिंह
विकाश कुमार बंजरिया मोतिहारी
राष्ट्रव्यापी सेवा और समर्पण अभियान के तहत नगर भवन में 71 खिलाड़ियों को समारोह में किया सम्मानित
केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार प्रत्येक पल खिलाड़ियों के साथ है। खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव मदद के लिए कृतसंकल्पित है। उक्त बातें आज सांसद सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा राधा मोहन सिंह ने प्रधानमंत्री के 71 वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी सेवा और समर्पण अभियान के तहत नगर भवन में आयोजित 71 खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में कहीं। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि प्राचीन काल से ही खेलों का हमारे देश के विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ एक शौक नहीं बल्कि इससे हममें टीम भावना जागृत होती है जिससे हम जीत को दोहराने और हार से नई राह खोजना सीखते हैं।
खेल आत्मविश्वास बढ़ाता है और हमें आत्मनिर्भर बनने की सीख भी देता है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलायी हैं। नई शिक्षा नीति में भी खेलों को बहुत महत्व दिया जा रहा है। पहले खेल अतिरिक्त गतिविधियों का हिस्सा था लेकिन अब पाठ्यक्रम का हिस्सा होगा।
उन्होंने कहा दिव्यांग खिलाड़ियों की सहायता के लिए भी मोदी सरकार ने कई योजनाएं चलायी हैं। खेलों के विकास में धन की कमी आड़े न आए इसके लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय खेल कल्याण कोष व राष्ट्रीय खेल विकास कोष में धन की पर्याप्त व्यवस्था मोदी सरकार ने की है। कहा कि खेलों के विकास के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोदी सरकार ने साल 2021-22 के बजट में खेल और युवा कार्य मंत्रालय को 2596,14 करोड़ रूपये आवंटित किए हैं। जो पिछले साल के संशोधित आवंटन से 795,99 करोड़ रूपये अधिक है। इसके तहत मोदी सरकार ने खेलो इंडिया का बजट 328,77 करोड़ से बढ़ाकर 657,71 करोड़ रूपये कर दिया है। वहीं राष्ट्रीय खेल महासंधों का बजट 245 करोड़ से बढ़ाकर 280 करोड़ रूपये कर दिया गया है। राष्ट्रीय खेल विकास कोष के लिए 25 करोड़ रूपये दिया गए हैं। क्रीड़ा मंच भाजपा के तत्वावधान में आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, महामंत्री डॉलालबाबू प्रसाद एवं मार्तण्ड नारायण सिंह, क्रीड़ा मंच के संयोजक रमेश कुमार, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहिब्बुल हक, राजेश कुमार, दीपक कश्यप सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने दी।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।