मोतिहारी:- केन्द्रीय विवि के एमबीए की छात्रा ने शुरू किया स्टार्टअप
विकाश कुमार/बंजरिया मोतिहारी
केन्द्रीय विवि के एमबीए की छात्रा ने शुरू किया स्टार्टअप
ऐप पर पढ़ें
मोतिहारी | निज प्रतिनिधि
महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय से एमबीए करने वाली आभा कुमारी ने खुद का स्टार्टअप शुरू किया है। उन्होंने महिलाओं की सेनेटरी पैड बनाने के लिए कंपनी की शुरुआत 18 अक्टूबर को स्थानीय आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में की। आभा 2019-21 बैच की एमबीए की छात्रा है। वह पहाड़पुर प्रखंड के बलुआ सरैया गांव की रहने वाली है। खास बात यह कि उसने जॉब नहीं कर समाज के लिए कुछ करने का निर्णय लिया। वह भी महिलाओं के लिए। वह बताती है कि उसने अनुभव किया कि सेनेटरी नैपकिन के अभाव में महिलाएं बीमारी का शिकार हो रही हैं। वे शर्म के कारण कुछ नहीं कह पातीं। तब उसने सेनेटरी नैपकिन निर्माण के लिए स्टार्टअप शुरू करने की योजना बनायी। वे महिलाओं को उनके घर तक टीम के माध्यम से सेनेटरी पैड पहुंचाने का काम करेंगी। साथ ही, महिलाओं व युवतियों में होने वाले शारीरिक बदलाव व मासिक धर्म को लेकर जागरुकता अभियान भी चलाया जाएगा। उनके अनुसार, पहले तो सबने जॉब करने की सलाह दी। लेकिन उसने अपने पिता देवीलाल शर्मा व भईयों से कहा कि वह समाज के लिये कुछ करना चाहती है, तो सभी ने उसकी सोच की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया। इधर, उसकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की और आभा कुमारी को उनके मंगल भविष्य की शुभकामनाएं दी। वहीं वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. पवनेश कुमार ने बताया कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि हमारे विद्यार्थी केवल अकादमिक ही नहीं बल्कि व्यवसाय में भी बेहतर कर रहे है। उन्होंने आभा कुमारी को बधाई देते हुए कहा की वह एक ऐसे विषय पर कार्य कर रही है, जिस विषय पर बहुत सारे लोग काम करने में संकोच करते हैं। वे एक सामाजिक बदलाव और क्रांति की दिशा में काम कर रही हैं।प्रबंधन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार साहू ने भी आभा कुमारी की इस उपलब्धि के लिए प्रसन्नता व्यक्त किया और कहा कि यह विभाग के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का विषय है।विभाग की एसोसिएट प्रो. डॉ. सपना सुगंधा सहायक प्रो. डॉ. अलका ललहाल, अरुण कुमार, डॉ. स्वाति कुमारी ने बधाई दी।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।