Breaking News

बिहार के बेतिया में प्रियंका चोपड़ा-सनी देओल का बेटा कर रहा इंटरमीडिएट की पढ़ाई।




 विकाश कुमार/बंजरिया मोतिहारी


बालीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और सनी देओल के बेटे बिहार के बेतिया में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे हैं। यह सुनने के बाद आपके दिलो-दिमाग में एक साथ कई सवाल उठने लगे होंगे? मसलन, प्रियंका चोपड़ा-सनी देओल की शादी कब हुई? क्या प्रियंका चोपड़ा का कोई बेटा भी है? क्या प्रियंका चोपड़ा का बेटा इतना बड़ा हो गया? इससे पहले कि आप सवालों के समंदर में गोते लगाने लगें, यहां साफ कर दूं कि यह कोई बालीवुड गासिप नहीं, बिहार के शिक्षा व्‍यवस्‍था की हकीकत है। हम बात रहे हैं बेतिया स्थित राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय के एक इंटरमीडिए छात्र की शैतानी की।


इंटरनेट मीडिया में शरारती ठात्र क कापी वायरल


दरअसल, बिहार के अन्य जिलों की तरह ही पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में भी इंटरमीडिएट सेंटअप की परीक्षा हुई। इसमें एक परीक्षार्थी ने शरारतन अपनी मां का नाम प्रियंका चोपड़ा और पिता का नाम सनी देओल लिख दिया। यह कापी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई। लोग इस पर खूब कमेंट कर रहे हैं। साथ ही एक-दूसरे से सवाल भी कर रहे हैं कि क्या प्रियंका चोपड़ा-सनी देओल का बेटा बिहार से इंटर की पढ़ाई कर रहा है? हालांकि, मौर्यध्वज इस कापी की सत्यता को प्रमाणित नहीं करता है।


सवाल के जवाब में लिखा: मास्टर ने नहीं पढ़ाया


उस परीक्षार्थी की शरारत का अंत वहीं पर नहीं हुआ। परीक्षा के दौरान एक सवाल पूछा गया था कि वह पुरातत्व से क्या समझता है। उसने लिख दिया कि यह मेरे मास्टर ने नहीं पढ़ाया है, मैं पुरातत्व से कुछ नहीं समझता हूं।


कालेज प्रशासन ने शुरू कर दी घटना की जांच


बहरहाल, कालेज प्रशासन ने घटना की जानकारी होने के बाद जांच शुरू कर दी है कि आखिर कापी इंटरनेट मीडिया तक कैसे पहुंची? इसके बाद जो किरकिरी हो रही है, उससे खुद को बचाने के उपाय में कालेज प्रशासन लग गया है। मनोरंजन की बात से इतर कुछ लोग इस घटना को सूबे की शिक्षा व्यवस्था को आईना दिखाने वाला बता रहे हैं।


उनका मानना है कि जब बच्चों को पढ़ाया नहीं जाएगा और केवल परीक्षा ली जाएगी तो इस तरह की घटनाएं तो होंगी हीं। पढ़ाई से न केवल डिग्री मिलती है वरन जीवन में अनुशासन भी आता है। पढ़ाई के अभाव में बच्चे एक साथ दोनों चीजें खोते जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।