बिहार पंचायत चुनाव: आठवें चरण के लिए मतदान कल, 40 हजार पुलिस फोर्स की होगी तैनाती
बिहार में पंचायत चुनाव के आठवें चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक 36 जिलों के 54 प्रखंडों के 834 पंचायतों में होनेवाले मतदान के लिए 40 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है।
मुख्यालय के मुताबिक आठवें चरण के चुनाव में 7830 मतदान भवनों में स्थित 11599 मतदान केन्द्रों में 614 नक्सल प्रभावित हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की खातिर 40 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों को मतदान वाले इलाकों में प्रतिनियुक्त किया गया है। इसमें जिला पुलिस के अलावा विशेष सशस्त्र पुलिस, गृह रक्षक और सैप के जवान भी शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक पंचायत चुनाव के मद्देनजर 24 अगस्त से 10 नवम्बर के बीच 5436 लोगों के विरुद्ध सीसीए के तहत प्रस्ताव समर्पित किया गया। वहीं 3411 के खिलाफ निरुद्यादेश का प्रस्ताव पारित हुआ। इस दौरान 950 अवैध हथियार और 4561 गोलियां बरामद की गई। 267948 व्यक्तियों से सीआरपीसी की धारा 107 के तहत बांड भरवाया गया। 11918 गैर जमानती वारंट का निष्पादन किया गया। इन ढाई महीनों में 1155962 लीटर शराब बरामद की गई, जबकि नियमों का उल्लंघन कर गाड़ियां चलानेवालों से 9,76,07200 रुपए जुर्माना वसूला गया।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।