समस्तीपुर में निगरानी टीम ने रिश्वत लेते सीओ व थानाध्यक्ष को दबोचा, भाग रहे ओपी इंचार्ज को खदेड़ कर पकड़ा
निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार दोपहर समस्तीपुर जिले के वारिसनगर के सीओ संतोष कुमार व मथुरापुर ओपी इचार्ज संजय कुमार सिंह को अलग-अलग घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके लिए निगरानी की अलग-अलग टीम ने कृषि उत्पादन बाजार समिति स्थित मथुरापुर ओपी व वारिसनगर प्रखंड मुख्यालय के अंचल कार्यालय पर धावा बोला था। एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने इसकी पुष्टि की है।
बताया जाता है कि निगरानी टीम के सदस्य वारिसनगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप अपनी गाड़ी लगाकर अंचल कार्यालय में गये थे। टीम में तीन डीएसपी स्तर व तीन इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी थे। पांच वाहनों से सभी आये थे। शिकायतकर्ता से सीओ ने अपने कक्ष में जैसे ही घूस की राशि ली निगरानी टीम पहुंची और सीओ को अपनी गिरफ्त में लेकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके पहले कार्यालय में मौजूद लोग कुछ समझ पाते टीम के सदस्य सीओ को अपने साथ ले गये।
निगरानी की दूसरी टीम बाजार समिति में फल दुकान के समीप गाड़ी लगाकर ओपी परिसर पहुंची। टीम को देखते ही ओपी इंचार्ज ने भागने का प्रयास किया। लेकिन चौकस निगरानी की टीम ने खदेड़ कर उसे दबोच लिया। ओपी इचार्ज की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही ओपी के पुलिस कर्मियों में अफरातफरी मच गयी। मिली जानकारी के अनुसार सीओ व ओपी अध्यक्ष ने भूमि विवाद के एक मामले में एक विधवा महिला से मामले को निपटारा करने के एवज में घूस की मांग की थी। सीओ ने 20 हजार और ओपी अध्यक्ष ने 25 हजार रुपये घूस में मांगे थे। एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि निगरानी की टीम ने घूस मांगने के मामले में सीओ व ओपी अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।