Breaking News

सुरक्षित पर्व- त्यौहार मनाने के लिए जरूरी है कोविड वैक्सीनेशन कराना- डॉ अंजनी कुमार



 - युवाओं से की कोविड टीकाकरण की अपील


- सरकारी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत तमाम स्वास्थ्य केंद्रों पर हो रहा है कोविड टीकाकरण

 

मोतिहारी 08 नवम्बर। 'पर्व -त्यौहार के समय में  सुरक्षित पर्व त्यौहार मनाने एवं कोविड के ख़तरों से बचने के लिए कोविड  टीकाकरण कराया जाना एक सुरक्षित विकल्प है।" यह कहना है पूर्वी चंपारण के सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार का। उन्होंने बताया कि जिले वासियों की सेवा में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगातार  बापूधाम रेलवे स्टेशन मोतिहारी के साथ सरकारी बस स्टैंड, छतौनी, के अलावा 27 प्रखण्डों के स्वास्थ्य केंद्र, भारत नेपाल बॉर्डर , के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कोविड संक्रमण से जिले वासियों की सुरक्षा में टीकाकरण किया जा रहा है। जहां कई टीकाकरण केन्द्रों पर 9 टू 9 वैक्सीनेशन किया जा रहा है। सीएस डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि जिले के कई छठ घाटों पर भी कोविड टीकाकरण कराया जाएगा।


- दूसरा डोज़ समय पर जरूर लें:

 सीएस ने बताया कि- जिन लोगों ने कोविड का पहला डोज़ ले लिया है परंतु समय हो जाने के बावजूद दूसरे डोज़ से वंचित हैं,वैसे लोग जल्द अपना दूसरा डोज लेकर सुरक्षित हों। क्योंकि अगर आपने सही समय पर कोविड की दोनों डोज़ नहीं ली तो आप कोविड के संक्रमण का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में आपका शरीर कोरोना से पूर्ण सुरक्षित नहीं है।  कोविड की दूसरी डोज़ लेने के कुछ दिनों बाद हमारे शरीर में एंटीबॉडी का निर्माण होता है। इसके बाद हमारा शरीर कोविड के वायरस से लड़ने के लिए तैयार होता है। इसलिए टीकाकरण से बेहतर उपाय नहीं है। जिले में सभी जगहों पर टीका उपलब्ध है। टीकों में किसी प्रकार का फर्क न करें। कोविड 19 का टीका अवश्य लें व आनेवाले कोरोना वैरियंट से खुद के साथ परिवार समाज को सुरक्षित करें।

 

- युवाओं से की कोविड टीकाकरण की अपील;

सिविल सर्जन ने कहा कि पर्व त्यौहार के अवसर पर मार्केटिंग या बाहरी कार्य करते समय भी कोविड से संक्रमित होने का ख़तरा बना रहता है। इसलिए कोविड से बचाव के लिए कोविड टीकाकरण कराएं। मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंस के नियमों का पालन करें।

- अखबारों, सोशल मीडिया द्वारा चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान:

 मोतिहारी सदर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रवण पासवान ने बताया कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार बैनर, पोस्टर, सोशल मीडिया, अखबारों के माध्यम से प्रचार प्रसार एवं जागरूकता के साथ कोविड टीकाकरण करा रही है। जिसके कारण अब लोग सुरक्षित हो रहे हैं।

जो भी टीकाकरण से वंचित रह गए हैं, उन्हें अपने साथ, परिवार, समाज के बारे में विचार करते हुए निःसंकोच होकर टीका अवश्य लेना चाहिए। टीका का कोई दुष्प्रभाव नहीं है। इससे आपके पर्व करने में कोई हानि नहीं है।


मोतिहारी के सरकारी बस स्टैंड छतौनी में कोविड टीका लेने आई महिला स्नेहलता ने बताया कि- मैं खुश हूं कि मैंने कोविड की दूसरी डोज़ ले ली है। अब मैं बिना कोविड के भय के पर्व त्यौहार मना सकूँगी। क्योंकि कोविड से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी है।

 

- जगह जगह जाँच के साथ हो रहा है टीकाकरण:

सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि जिले को कोविड 19 से बचाव के लिए दूसरे प्रदेशों से आने वाले प्रवासियों की सेवा में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के पास कोविड टेस्टिंग के साथ टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड 19 की सम्भावित तीसरी लहर से बचाव के लिए कोविड की जाँच, टीकाकरण के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन आवश्यक है । टीकाकरण के बाद भी पूर्णरूपेण सुरक्षित रहने के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। यथा- मास्क का उपयोग करें, यथा संभव घर में रहें, भीड़- भाड़ वाले स्थानों पर ना जाएं, दो व्यक्तियों को बीच दो गज की दूरी बना कर रखें। नियमित अंतराल पर अपने हाथ साबुन से धोएं तथा कोरोना के कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत कोविड नियंत्रण कक्ष के टॉल फ्री नंबर 1800-3456-624 या  06252-242418 पर संपर्क करें।


सरकारी बस स्टैंड पर टीकाकरण टीम में डॉ खालिद, एएनएम गुड़िया कुमारी,अंजू कुमारी, केयर इंडिया के सीबीसी राजन कुमार,सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे ।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।