पटना पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब की होम डिलिवरी करने वाला तस्कर, लूट और डकैती के मामलों में जा चुका है जेल
पटना पुलिस टीम ने राजीवनगर थानांतर्गत पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन रोड के समीप से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में शराब तस्कर बिट्टू और उसके संबंधी वरुण व दिवा शामिल हैं। बीते गुरुवार की रात पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से शराब बरामद की गई है।
डीएसपी विधि व्यवस्था संजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने आरोपित को घेर लिया। उसकी गाड़ी में दो अन्य युवक भी मिले। शराब भी बरामद की गई। पुलिस ने फौरन तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सभी पर राजीवनगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
बाइकर्स गैंग का सदस्य करवा रहा था होम डिलीवरी
हाल के दिनों में बिट्टू शराब की होम डिलीवरी के धंधे में लगा था। वह पूर्व में भी लूट, डकैती जैसे मामलों में जेल जा चुका है। डीएसपी विधि व्यवस्था के मुताबिक बिट्टू बाइकर्स गैंग का सदस्य है। जमीन कब्जा करने के लिए वह पैसा लेकर भीड़ जुटाने का काम भी करता था।
एसकेपुरी थाना इलाके में गुलदस्ता देकर फ्लैट में डकैती करने के मामले में भी वह जेल जा चुका है। वह पोस्टर और बैनर लगाने का काम करता था। लेकिन धीरे-धीरे बिट्टू ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद वह शराब तस्करी के धंधे से भी जुड़ गया था। हाल ही में बिट्टू की शादी होने वाली थी।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।