Breaking News

ट्रक में ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था 1280 किलो गांजा, बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़ा यूपी का तस्कर

 



छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का फिर एक बड़ा मामला फूटा है। ओडिशा से ट्रक में गांजा भरकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे तस्कर को बस्तर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से 1280 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 64 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के रास्ते जेल भेज दिया है। गांजा के विरुद्ध बस्तर पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।  
 
एसपी जितेन्द्र सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से ट्रक में अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहा है। नगरनार थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले की टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर धनपुंजी नाका में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर जांच की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक में उत्तर प्रदेश के बुलंद शहर निवासी साबिर अली बैठा था। पूछताछ में वह गोलमोल जवाब देने लगा। ट्रक क्रमांक यूपी-23-टी-2727 की तलाशी लेने पर कुल 1280 किलो गांजा अलग-अलग बोरियों में मिला। 

बस्तर जिले में अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई 
एसपी जितेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी साबिर अली गांजा को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजे की कीमत 64 लाख रुपए आंकी गई है। उन्होंने बताया कि बस्तर जिले में गांजा तस्करी पर अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। गांजे की इस बड़ी खेप को निरीक्षक शिवशंकर गेंदले, अजीत सिंह, सुधराम नेताम, हरवानसिंह, अहिलेश नाग, भास्कर भारद्वाज, विरेन्द्र ठाकुर, मनोज कश्यप, जोगेश्वर कश्यप की टीम ने जब्त किया है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।