बहू के स्वागत की तैयारी के लिए राबड़ी पटना पहुंची, 13 को पत्नी संग तेजस्वी आएंगे
पूर्व मंख्यमंत्री राबड़ी देवी छोटी बहू के स्वागत की तैयारी के लिए पटना पहुंच गईं। वह शनिवार शाम पटना पहुंची। लेकिन, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के रविवार को पटना आने की संभावना कम है। राबड़ी देवी ने उन्हें सलाह दी है कि बेटी और बहू का प्रवेश और बिदाई दोनों रविवार को नहीं होता है। हालांकि अभी इस मामले में परिवार के सदस्य सलाह कर रहे हैं। लेकिन, उम्मीद है तेजस्वी यादव सोमवार को ही पत्नी के साथ पटना आएंगे और खरमास के पहले दस सर्कलर रोड में नई बहू का प्रवेश हो जाएगा।
दिल्ली में शादी का कार्यक्रम खत्म होने के साथ ही तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी के पटना आने पर परिवार में मंथन शुरू हो गया। 14 दिसम्बर से खरमास आरंभ हो जाता है। ऐसे में उसके पहले ही नई बहू का राबड़ी आवास में प्रवेश होना तय है। पहले 12 दिसम्बर की तारीख तय हुई। लेकिन रविवार होने के कारण राबड़ी देवी ने इसपर आपत्ति जताई। ऐसे में संभव है तेजस्वी और उनकी पत्नी के पटना आने का कार्यक्रम एक दिन टल सकता है और संभव है कि दोनों सोमवार को पटना आएं। बहुभोज का कार्यक्रम नये साल में ही होगा, वह भी कोरोना की स्थिति को देखने के बाद।
बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने छोटे बेटे और बहू के स्वागत की तैयारी के लिए शनिवार को ही पटना पहुंच गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार शादी का भोज पटना में होगा। इसको लेकर तारीख जल्द तय होती। लेकिन दो दिन से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण फिलहाल उसपर विराम लगा दिया गया है। अब खरमास (14 जनवरी) तक यह आयोजन नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को परिणय सूत्र में बंध गये। दिल्ली के सकेत स्थित सैनिक फार्म में उनकी शादी हरियाणा की रहने वाली उनकी पुरानी दोस्त के साथ हो गई। दोनों दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। शादी कार्यक्त्रम में इक्के-दुक्के बाहरी लोगों के अलावा केवल परिवार के सदस्य ही शामिल थे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।