Breaking News

मोकामा: तेज रफ्तार कार पलटी, 3 की मौत, तिलक चढ़ाने जा रहे थे सभी, खुशी का माहौल मातम में बदला

 



शनिवार को नालंदा जिले से घोसवरी आ रही एक तेज रफ्तार कार मिरनगर गांव के पास एसएच 78 पर पलट गई। कार में सवार 6 लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार सभी लोग करड़ा गांव में तिलक में शामिल होने के लिए आ रहे थे। मृतकों में लड़की के नाना, मौसा और पुरोहित शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलने के बाद करड़ा स्थित लड़के के घर में मातम पसर गया। तिलक की सारी तैयारियां पूरी थीं। लड़की पक्ष के आने का इंतजार किया जा रहा था। एक साथ तीन मौत की सूचना मिलने के बाद करड़ा में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। तिलक नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के सोनसा गांव से घोसवरी थाना क्षेत्र के करड़ा गांव आ रहा था। दो दिन बाद 13 दिसम्बर को स्व. ब्रह्मदेव प्रसाद के बेटे निजु कुमार की शादी थी। 

मृतकों की पहचान शेखपुरा जिले के कुसुम्भा ओपी क्षेत्र स्थित देवले गांव निवासी 80 वर्षीय एकादश प्रसाद, नालंदा जिले के पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी 65 वर्षीय रामाकांत प्रसाद व रहुई थाना क्षेत्र के पुनहा गांव निवासी 60 वर्षीय परमानंद पांडेय के रूप में की गयी है। एकादश लड़की के नाना तो रामाकांत मौसा लगते हैं। 

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गयी। स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। चालक समेत तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।