नवादा: ट्रेन के नीचे आई बाइक, उड़े परखच्चे, 44 मिनट तक बाधित रही ट्रेन
एक युवक की नादानी उस पर भारी पड़ गयी। मुश्किल से उसकी जान बच सकी। अंडरपास रहने के बावजूद रेलवे ट्रैक के ऊपर से पार करने की कोशिश में बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
शनिवार की शाम किऊल-गया रेलखंड पर मेमू सवारी गाड़ी 03355 काशीचक से खुल कर गोसपुर हॉल्ट आ रही थी। गोसपुर हॉल्ट से दो किमी पूर्व अंडरपास बना हुआ है। फिर भी युवक ट्रैक के ऊपर से जाने की कोशिश कर रहा था। इस कोशिश में रहे युवक ने अचानक ट्रेन को आती देख बाइक लेकर हटने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार ट्रेन देखकर उसका हौसला पस्त हो गया और अंतत: ट्रैक पर ही बाइक छोड़ कर वह भाग खड़ा हुआ।
युवक के भागने के कारण किसी प्रकार उसकी जान तो बच गयी लेकिन बाइक ट्रेन के साथ घिसटती चली गयी और उसके परखच्चे उड़ गए। बाइक के ट्रेन के पहिए में फंस जाने के कारण ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया था। जिसके बाद ट्रेन के चालक ने पावर ब्रेक लगा कर ट्रेन को रोकी। बाद में बाइक को चालक और गार्ड ने ट्रेन के यात्रियों के साथ मिल कर भारी मशक्कत के साथ हटाया और तब जा कर ट्रेन खुल सकी।
इस चक्कर में ट्रेन 5:17 बजे से लेकर 6:00 बजे तक रुकी रही। गनीमत रही कि युवक की जान बच गयी और ट्रेन परिचालन संबंधी कोई बड़ी बाधा भी नहीं आयी। स्टेशन प्रबंधक अवधेश कुमार सुमन ने कहा कि ट्रैक के ऊपर से पार करने संबंधी जुर्म के लिए स्थानीय स्तर पर युवक के विरुद्ध मामला दर्ज करा कर कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ मामले को देख रही है। इस घटना के कारण लगभग चालीस मिनट की देर हुई।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।