सीएम से बोली सिपाही की पत्नी-शादी के 3 साल बाद भी सर्विस बुक पर नहीं चढ़ा नाम, पति दूसरी शादी कर ले तो?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जनता के दरबार में एसटीएफ में कार्यरत एक सिपाही की पत्नी ने शिकायत करते हुए कहा कि उनकी शादी को तीन साल हो गए। पति एसटीएफ में है लेकिन सर्विस बुक पर उनका नाम नहीं चढ़ा है। अब वह दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की फरियाद सुनी। फरियादियों की शिकायतों को सुनने के साथ ही सीएम ने उस पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ‘जनता के दरबार में सामान्य प्रशासन, गृह विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, निगरानी विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग के मामलों पर सुनवाई हुई। गया के एक जेपी सेनानी ने कहा कि बिहार सरकार जेपी मूवमेंट में सभी आंदोलनकारियों को पेंशन देती है लेकिन मेरी पेंशन अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि आपने अब तक आवेदन क्यों नहीं किया तो उन्होंने बताया कि छह साल पहले उन्होंने पेंशन के लिए आवेदन दिया था लेकिन यह कहा गया कि कमेटी का गठन किया जाएगा, तब फैसला लिया जाएगा।
फरियादियों में नालंदा की रहनेवाली एक महिला ने कहा कि उनकी शादी पटना के गुलजारबाग के मेंहदीगंज में हुई है। दो बेटी है उसके बाद भी मेरे पति ने दूसरी शादी कर ली है, जब पुलिस से इसकी शिकायत की तो पटना पुलिस ने कहा कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करेंगे, क्योंकि आप नालंदा की रहनेवाली हैं। इसलिए नालंदा में ही कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने पटना डीएम को इस पर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मधेपुरा से आए एक युवक ने बताया कि उसे अपराधियों ने चार गोलियां मारी थीं। एफआईआर भी हुई लेकिन अपराधी खुलेआम घूम रहा है। वह धमकाता है। एसपी के रीडर पर युवक ने मामले को दबाने का आरोप लगाया। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एक महिला ने कहा कि उसका पति पंजाब में काम करता है। गांव के युवक पर जबरन गलत काम करने और वीडियो बनाने का महिला ने आरोप लगाया और कहा कि वह वीडियो बनाकर जबरदस्ती शादी करने की बात कह रहा है। इस मामले की जानकारी पुलिस को देने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को इस पर अविलंब उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अरवल से आए एक फरियादी ने कहा कि फर्जी शिक्षकों की नियुक्ति मामले में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, खान एवं भू-तत्व मंत्री जनक राम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, पुलिस महानिदेशक श्री एसके सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह व वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा थे।
सीएम बोले-ओमीक्रोन से सभी को सजग रहने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की जांच में पॉजिटिव आने के बाद वह व्यक्ति ओमीक्रोन से संक्रमित है कि नहीं, यह पता लगने में अभी 5-7 दिन का समय लग जाता है। बिहार में अभी तक ओमीक्रोन का कोई केस सामने नहीं आया है। विदेश से बिहार लौटे कुछ लोगों के ट्रेस नहीं होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। ऐसे लोगों का पता लगाकर उनकी कोरोना जांच कराना जरूरी है। प्रशासन के लोग इस काम में लगे हैं। इसको लेकर सभी को सजग रहने की जरूरत है। दुनिया के साथ ही अपने देश में भी ओमीक्रोन के कुछ मामले सामने आए हैं। इसको सभी को सजग और सतर्क रहना है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।