Breaking News

बिहार पंचायत चुनाव: घर के दरवाजे पर बैठे डीलर को घसीटकर पीटा, कई राउंड हवाई फायरिंग की, सिर पर मारा फरसा

 



पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज प्रखंड की नौतनवा पंचायत में वोट नहीं देने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इसमें फरसा से मारकर भोला डीलर को बुरी तरह घायल कर दिया गया। सिर पर फरसा लगने से वह जमीन पर गिर गया। खून से लथपथ भोला को मरा समझ एक पक्ष के लोग उसे छोड़कर चले गये। 

परिजनों ने उसे जीएमसीएच में भर्ती कराया है। मारपीट के दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। घायल के परिजनों ने पलिस को बताया कि सभी लोग दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के सरफूल, नबी हसन, इमरान समेत एक दर्जन से अधिक लोग हरवे हथियार के साथ आ धमके। आते ही लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। 

गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने घर के दरवाजे बंद कर लिए। इधर, हमलावरों ने भोला डीलर को घर से घसीटकर बाहर निकाला और मारपीट की। इसी दौरान फरसा से सिर पर वार कर देने से उसका सिर फट गया, खून लथपथ भोला वहीं गिर गया। आरोपित उसे मरा समझकर छोड़ दिया। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों को ढूंढ़ने लगे। 

अन्य सदस्यों ने किसी तहर छिपकर जान बचाई। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने फायरिंग की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कई राउंड फायरिंग की गई है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। चुनावी रंजिश में घटना घटी है। घटना की जांच की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।