Breaking News

सीवान नगर परिषद की चेयरमैन सिंधू सिंह बर्खास्त, एफआईआर भी दर्ज होगी, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

 



करोड़ों रुपए की हेराफेरी व नियम-कानून को ताक पर रख कार्य कराने के आरोप में नगर परिषद की चेयरमैन सिंधू सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। नगर विकास विभाग की इस कार्रवाई ने पूर्व से घोटाले को लेकर चर्चित सीवान नगर परिषद एक बार फिर पूरे राज्य में चर्चा का केन्द्र बिन्दु बना दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शहर के कूड़ा निस्तारण के लिए चार करोड़ रुपए में खरीदी गई जमीन में वित्तीय अनियमितता का खुलासा के बाद उक्त कार्रवाई की गई है। 

इसके साथ ही चेयरमैन पर पद पर रहते अस्पताल मोड़ से तरवारा मोड़ तक सड़क के दक्षिण दिशा में पांच फीट चौड़ीकरण राशि 49 लाख 51 हजार 500 का कार्य कराने का आरोप लगा है। दोनों मामले में भी पद का दुरुपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितता उजागर होने के बाद सरकार के स्तर पर उक्त कार्रवाई की गई है। 

दोनों आरोपों की शिकायत मिलने के बाद नगर विकास विभाग ने जांच कराई जिसमें चेयरमैन को दोषी पाया गया। कार्रवाई से पहले मांगे गए स्पष्टीकरण का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नगर परिषद चेयरमैन की बर्खास्तगी की गई है। 

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नगर परिषद की चेयरमैन सिंधू सिंह को बर्खास्त करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी विभाग ने डीएम को निर्देश दिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के परियोजना पदाधिकारी सह उप निदेशक ने डीएम को पत्र भेजकर चेयरमैन, तत्कालीन ईओ आरके लाल, निलंबित प्रधान सहायक सह सह लेखापाल किशनलाल, कनीय अभियंता ओमप्रकाश सुमन व अजीत सिंह, नप के कर्यपालक अभियंता तुलसी राम, बुडको के सहायक अभियंता आनंद मोहन सिंह समेत अन्य दोषी अधिकारी व कर्मियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने को कहा है।

क्या कहती हैं चैयरमैन

नगर परिषद की चेयरमैन सिंधू सिंह ने बताया कि नगर विकास विभाग की इस कार्रवाई के खिलाफ वे हाईकोर्ट जाएंगी। उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप गलत है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।