समस्तीपुरः वार्ड सदस्य प्रत्याशी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी के घर तोड़फोड़
वारिसनगर थाना अंतर्गत रायपुर पंचायत के वार्ड 9 में कुछ लोगों ने घर में बंद कर एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। यह घटना सोमवार देर रात हुई। मृतक की रायपुर पंचायत के मुगलानी चक निवासी नन्हकी राय के 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार उर्फ रौशन के रूप में की गयी है। वह चुनाव में वार्ड सदस्य पद का उम्मीदवार भी था। घटना की जानकारी मिलने के बाद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। वहीं हत्या से आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर में ताड़फोड़ करने के साथ कुछ देर के लिए सड़क जाम भी किया।
इस संबंध में वारिसनगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेने के साथ घटना की जांच श्ुरू कर दी गयी है। प्रथम दृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। वैसे हर बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रोशन बिजली सामग्री की दुकान चलाता था। वह बिजली मिस्त्री का भी काम करता था। घर में बिजली खराब होने पर लोग उसे बुलाकर ले जाते थे।
उन्होंने बताया कि बीती रात भी वार्ड 9 स्थित खराज टोला में वह बुलाने पर सत्तो राय के घर पर बिजली ठीक करने गया था। जहां से देर रात होने के बाद भी नहीं लौटने पर परिजन उसे खोजने गये। परिजनों के अनुसार, जब वे सत्तो राय के घर गये तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुला तो रोशन को मृत अवस्था में में देख सभी के होश उड़ गये। उस समय उस घर के लोग पीछे के रास्ते से भाग चुके थे।
उन्होंने बताया कि रोशन के शरीर पर जगह-जगह जख्म के निशान थे। उसके बाद परिजनों ने रोशन की लाश अपने घर लाया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर वारिसनगर थाने की पुलिस भी गांव में पहुंच चुकी थी। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने रात में ही शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद सदर अस्पताल से शव आने पर आक्रोशित लोगों ने वारिसनगर-सतमलपुर मुख्यपथ को नकटा चौक पर जाम कर आवागमन बाधित किया। इससे करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा।
सड़क जाम करने वाले लोग हत्यारों को गिरफ्तार करने व वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। हालांकि जाम हटवाने के लिए थाना से पुलिस नहीं गयी। बाद में समाजसेवी डॉ.इरशाद अहमद व रामशंकर सहनी, लालो राय आदि की पहल पर लोगों ने जाम हटा लिया। इसके बाद आक्रोशित कुछ लोग आरोपी के घर पहुंचे और घर के बाहर शव रख घर में तोड़ फोड़ की। इधर, घटना स्थल पर ग्रामीणों ने बताया कि रोशन वार्ड संख्या 9 से वार्ड सदस्य पद का प्रत्याशी था। इस वार्ड में वार्ड सदस्य पद पर कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।