Breaking News

बिहार: कहीं छूट ना जाए कोई यात्री इसलिए एयरपोर्ट पर पूछ-पूछकर होगी कोरोना जांच, विदेश से आने वालों की तलाश जारी

 



राज्य के सभी एयरपोर्ट पर विजिबल कोरोना जांच की जाएगी। इसके अनुसार एक-एक यात्री से पूछकर जांच होगी ताकि कोई यात्री छूटे नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने पटना, गया एवं दरभंगा एयरपोर्ट के निदेशकों को ये निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने मंगलवार को तीनों एयरपोर्ट के निदेशकों, तीनों जिलों के सिविल सर्जन व जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (डीपीएम) और जिला इंपीडोमोलॉजिस्ट के साथ बैठक की। 

बैठक में तीनों एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ान सेवा के तहत आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना जांच टीम व कोरोना टीकाकरण टीम को तैनात करने का निर्देश सिविल सर्जनों को दिया गया। बैठक में सिविल सर्जनों को कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने को कहा गया। सूत्रों ने बताया कि कोरोना जांच के सैंपल अधिक संख्या में जांच किए जाने से कोरोना के प्रभाव की तत्काल जानकारी लेने और इस दिशा में कार्रवाई में मदद मिलेगी। इंपीडोमोलॉजिस्टों को कोरोना वायरस की जांच को लेकर होने वाली सभी कार्रवाई की निरंतर निगरानी रखने को भी कहा गया।  

विदेश से आने वालों की घर-घर हो रही तलाश 

जानकारी के अनुसार, विदेश से आने वाले बिहार के पासपोर्टधारकों की घर-घर तलाश शुरू की गयी है। सूत्रों ने बताया कि तलाश के क्रम में मंगलवार को भी अधिकांश जगहों पर घरों में यात्री नहीं मिले। घरों में नहीं पाए जाने वाले इन यात्रियों के मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।