Breaking News

बिहार में बेखौफ एंट्री माफिया, नवादा में डिप्टी कलेक्टर के काफिले पर हमला, जब्त कर ला रहे ट्रकों को छुड़ाने की कोशिश

 



नवादा में बेखौफ एंट्री माफियाओं ने डिप्टी कलक्टर के एक वाहन पर हमला कर दिया। हमले में डिप्टी कलक्टर विश्वजीत कुमार की सरकारी गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गया। घटना रविवार की सुबह करीब 11 बजे एनएच 31 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पकड़िया मोड़ के समीप घटी बतायी जाती है। 

घटना के वक्त डिप्टी कलक्टर विश्वजीत कुमार अवैध खनन व परिवहन के आरोप में बिना कागजात पाये गये चार गिट्टी लदे ट्रकों को जब्त कर मुफस्सिल थाना आ रहे थे। डिप्टी कलक्टर विश्वजीत नवादा के खनिज विकास पदाधिकारी के प्रभार में बताये जाते हैं। बताया जाता है कि इसी बीच एंट्री माफिया अरुण मुखिया अपने गुर्गों के साथ एक कार में पकड़िया मोड़ पर पहुंचा और जब्त कर लाये जा रहे गिट्टी लदे ट्रकों को जबरन छुड़ाने की कोशिश की। इस बीच वहां बड़ी संख्या में भीड़ जुट गयी। 

इसी क्रम में डिप्टी कलक्टर के ड्राइवर द्वारा ट्रकों को छुड़ाने की कोशिश का विरोध करने पर माफियाओं ने उसके साथ मारपीट की। तब तक मुफस्सिल पुलिस की गश्ती पार्टी भी घटनास्थल पर पहुंच गयी। इसके बाद एंट्री माफिया अपने गुर्गों के साथ वहां से भाग निकला। सूचना पर मुफस्सिल एसएचओ लालबिहारी पासवान अतिरिक्त पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और इंट्री माफियाओं की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की गयी, परंतु कोई सुराग नहीं मिल सका।  

डिप्टी कलेक्टर के वाहन पर हमले जैसी घटना काफी शर्मनाक है। नवादा जिला प्रशासन अवैध खनन और वाहन एंट्री पर लगातार सख्ती बरतेगा। घटना के आरोपित को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जायेगा। 
- यश पाल मीणा, डीएम, नवादा।

 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।