Breaking News

स्कूल से बाहर निकली छात्रा का कार सवारों ने किया अपहरण, हाईवे पर चलती कार से कूदी, पुलिस ने कराया मेडिकल

 



पीलीभीत के बरखेड़ा में स्कूल से बाहर निकली छात्रा का कार सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। छात्रा टनकपुर हाईवे पर नकटादाना चौराहे के समीप चलती कार से कूद गई। सूचना पर एएसपी समेत पुलिस टीमों ने छात्रा से पूछताछ की। जिला अस्पताल में मेडिकल भी कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ थाना बरखेड़ा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

थाना बरखेड़ा क्षेत्र के एक गांव की निवासी 15 वर्षीय किशोरी कस्बे के ही एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह अपने स्कूल में थी। स्कूल से वह किसी काम से बाहर आई। तभी एक कार में सवार चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और पीलीभीत की ओर लेकर चल दिए। इसके बाद उसको कपड़ा सुंघा दिया तो वह बेसुध हो गई। 

नकटादाना चौराहे के समीप अचानक होश आने पर वह एक युवक के हाथ पर काटकर चलती गाड़ी से कूद गई। छात्रा ने चौराहे पर पहुंचकर रोना शुरू कर दिया तो वहां भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके उपरांत महिला थाने में कोतवाली पुलिस के अलावा एएसपी डॉक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी, सुनगढ़ी पुलिस और एसओजी टीम के साथ पहुंचे और छात्रा से बातचीत की।

भाई का नाम लेकर किया अपहरण

छात्रा ने बताया कि अपहरणककर्ताओं ने अपहरण करते वक्त उसके भाई का नाम भी लिया। यह भी कहा कि उक्त छात्रा उसकी बहन है। इसी का अपहरण करना है। इसके बाद छात्रा को कार में बैठा लिया। हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। 

टीचर बोली, मैंने सुबह छात्रा को डांट दिया था

छात्रा को लेकर पुलिस और एसओजी की टीम कॉलेज पहुंची। स्कूल में छात्रा के अध्यापक से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सुबह छात्रा स्कूल आई थी। यहां बच्चों के झूले पर बैठकर झूल रही थी। इस पर उन्होंने उसको डांट दिया था। इसके बाद से वह दिखाई नहीं दी।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

पुलिस की टीमें घटनास्थल से लेकर नकटादाना चौराहे तक के सीसीटीवी फुटेज तलाश कर रही है। बरखेड़ा से लेकर नकटादाना चौराहे तक की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है। ऐसे में पुलिस की टीमें जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की खाक छान रही है। अभी तक की जांच में कहीं भी पीड़िता के मुताबिक बताई गई काले रंग की गाड़ी पुलिस को दिखाई नहीं दी है।

एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने कहा, 'छात्रा ने जो भी घटनाक्रम बताया है। उसी आधार पर थाना बरखेड़ा में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस की टीमों को घटना की तह तक जाने के लिए लगाया गया है। कई बिंदुओं पर टीमें कार्य कर रही हैं। जल्द घटना का वर्कआउट कर दिया जाएगा।'


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।