Breaking News

पटना में बेखौफ शूटर्स ने पिता-पुत्र पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ने मौके पर तोड़ा दम

 



 पटना में अपराधियों का तांडव जारी है. अपराध की इन घटनाओं के लगातार होने के बाद भी पुलिस इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला फतुहा थाना क्षेत्र के धोबा पुल के समीप का है जहां हथियारबंद अपराधियों ने एक मैजिक ड्राइवर और उसके बेटे को गोली मार दी. इस घटना में जहां मैजिक ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं उसका 12 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जाती है.हत्या की सूचना मिलते ही फतुहा डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस ने घटनास्थल से 6 खोखा भी बरामद किया है. मृतक मैजिक ड्राइवर की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के खिरोधरपुर निवासी उदय राय के रूप में की गई है, वहीं घायल की पहचान उसके 12 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में की गई है. बताया जाता है कि पिता-पुत्र मैजिक पर फोम लादकर उसे डिलीवरी देने नालंदा जा रहे थे. इसी दौरान थाना क्षेत्र के धोबा पुल के समीप पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी.गाड़ी से भागने के क्रम में अपराधियों ने उदय राय को दो गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं अपराधियों की एक गोली उसके बेटे गौतम कुमार के जांघ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया. किस कारण से मैजिक ड्राइवर की हत्या की गई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.मौके पर मौजूद फतुहा डीएसपी राजेश कुमार मांझी ने हत्या की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुटी है. NH30 A के किनारे हुई इस वारदात से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है.

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।