Breaking News

सात बार के राज्यसभा सांसद 'किंग' महेंद्र प्रसाद का दिल्ली में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

 



जनता दल (यूनाइटेड) से राज्यसभा सांसद और उद्योगपति डॉ. महेंद्र प्रसाद का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। जदयू ने सोमवार को बताया कि महेंद्र प्रसाद ने रविवार की रात को अंतिम श्वांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे।

संसद के सबसे अमीर सदस्यों में से एक माने जाने वाले महेंद्र प्रसाद बिहार से सात बार राज्यसभा के लिए चुने गए और एक बार वह लोकसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। उद्योग जगत के जाने-माने चेहरे प्रसाद ने अरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स की स्थापना की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने कहा, ''मैं राज्यसभा सदस्य डॉ. महेंद्र प्रसाद जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने कई वर्षों तक संसद में अपनी सेवाएं दीं और वह कई सामुदायिक सेवा कार्यों में आगे रहे। उन्होंने हमेशा बिहार और उसके लोगों के कल्याण की बात की। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।''

वहीं, पार्टी के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महेंद्र प्रसाद का निधन समाज, राजनीति और उद्योग जगत के लिए बड़ी क्षति है।

महेंद्र प्रसाद सबसे पहले, लोकसभा के लिए 1980 में कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। लंबे समय तक कांग्रेस में रहे प्रसाद बाद में जनता दल में, फिर राष्ट्रीय जनता दल में और फिर जद(यू) में शामिल हो गए।

प्रसाद के नाम के आगे अक्सर ''किंग'' (राजा) शब्द लगाया जाता था, जो इस बात का संकेत था कि उनके गृह राज्य में राजनीतिक हवा के रुख में भले ही कोई भी बदलाव आया हो, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ा और वह कुछ समय को छोड़कर 1985 से राज्यसभा में लगातार बने रहे। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।