अररिया: पीएचसी में एएनएम ने दिया धरना, रविवार को भी ड्यूटी करने पर जताया ऐतराज, की ये मांग
अररिया: पीएचसी में एएनएम ने दिया धरना, रविवार को भी ड्यूटी करने पर जताया ऐतराज, की ये मांग
रविवार को छुट्टी नहीं मिलने से आक्रोशित पीएससी में कार्यरत एएनएम ने नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही एएनएम का कहना था कि कोरोना काल से ही वे लोग घर-घर जाकर कोरोना जांच समेत टीकाकरण कर रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उन लोगों को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उन लोगों को सप्ताह में सातों दिन वैक्सीनेशन के लिए क्षेत्र में जाना पड़ता है।
एएनएम ने कहा कि उन्हें अलग से कोई सुविधा नहीं मिलती है। अगर किसी दिन कम वैक्सीनेशन या पूरे एक वॉयल का वैक्सीनेशन नहीं होता तो उन लोगों का जबरन वेतन काट लिया जाता है। कोरोना के समय से अब तक क्षेत्र में जान जोखिम में डालकर काम करने के बाद भी आज तक उन लोगों को किसी प्रकार का प्रोत्साहन नहीं दिया गया है बल्कि उल्टा वेतन काट लिया जाता है।
सभी एएनएम का कहना था कि उन लोगों को सुबह 7 बजे से लेकर देर रात तक काम करना पड़ता है लेकिन सप्ताह में रविवार के दिन की छुट्टी भी नहीं दी जाती है। उन लोगों से रविवार को भी जबरन काम करवाया जाता है। जबकि उन लोगों का भी घर परिवार है। जिस कारण एक दिन की छुट्टी जरूरत होती है। सुबह 7 बजे से ही करीब 5 दर्जन से ज्यादा की संख्या में धरने पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।
इस धरना प्रदर्शन में एएनएम क्रांति कुमारी, रंजू कुमारी, कल्पना कुमारी, उमा सिन्हा, विनीता कुमारी, उषा कुमारी, नूतन कुमारी, प्रीति कुमारी, सुलेखा कुमारी, कामिनी कुमारी, लालती कुमारी, ज्योति प्रकाश, अलका रंजन, मधु कुमारी, पूनम कुमारी, सावित्री देवी, कुसुम कुमारी समय अस्पताल में कार्यरत एएनएम शामिल थे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।