Breaking News

बेगूसराय में बेखौफ बदमाश, समाजसेवी के घर में लूटपाट, महिला के कनपटी में मारी गोली, मौत

 



बेगूसराय जिले में बेखौफ बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक महिला को गोली मार दी। शुक्रवार की सुबह नकाबपोश बदमाशों ने जिस घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया, वह कांग्रेसी समाजसेवी उदय झा का है। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार बरौनी के सहायक थाना गढ़हरा अंतर्गत नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या 13 कील गढ़हरा मोहल्ले में शुक्रवार की अहले सुबह अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने कांग्रेसी समाजसेवी उदय झा के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम  दिया। इस दौरान अपराधियों ने  उनकी बहू रानी देवी (40 वर्षीय ) को कनपटी में गोली मार दी। घटना के बाद पति लोकेश कुमार झा उर्फ मिंटू ने अपनी लहूलुहान पत्नी को इलाज के लिए बेगूसराय स्थित एक निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया। पीड़ित परिजन पीएमसीएच पटना पहुंचे। इलाज के दौरान रानी देवी की मौत हो गयी। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। इस घटना को लेकर मोहल्ले वासियों में काफी आक्रोश है। 

वहीं पीड़ित लोकेश झा ने मोबाइल पर बात करने पर रोते बिलखते घटना के संबंध में बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहे थे। अचानक चार की संख्या में नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस गए। कमरे में घुसते ही बदमाशों ने मारपीट और गाली-गलौच की। इस दौरान बदमाशों ने जबरन आलमीरा खोलकर उसमें रखे 15 भर सोने की जेवरात और नकद एक लाख 13 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद अपराधियों ने बोला कि दोनों को मार दो। फिर इसके बाद एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली पत्नी के सिर में लग गई। इसके बाद वह सहम गए। लोकेश झा ने बताया कि अपराधी घर में कैसे प्रवेश कर गए, यह पता नहीं चल पाया। 

इधर घटना स्थल पर सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गयी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम अनुग्रह शर्मा,पूर्व मुखिया गोपीनाथ साह,बबलू सिंह,डॉ एमके मिश्रा,मो दानिश महबूब  आदि  ने इस घटना की तीखी निंदा की। लोगों ने पुलिस से जांचकर घटना में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग किया। इस संबंध में गढ़हरा थानाध्यक्ष प्रतोष कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में कई तरह की आशंका हो रही है। अपराधी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।