Breaking News

खाद को लेकर कई जिलों में मारामारी, कहीं रोड़ेबाजी तो कहीं चक्काजाम

 




बिहार के कई जिलों में खाद के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाद नसीब नहीं हो पा रहा है। इससे खेती किसानी में लगे लोग परेशान हैं। बुधवार को लखीसराय में खाद वितरण के दौरान बवाल हो गया। जमकर रोड़ेबाजी हुई।

वहीं पूर्णिया में चम्पानगर बाजार में डीएपी खाद की किल्लत और ऊंची कीमत पर खरीदारी करने को लेकर सैकड़ों लोगों ने केनगर कचहरी बलुआ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर रास्ते पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने रास्ता खोला।

रोड़ेबाजी के बाद खाद वितरण बंद

लखीसराय। लखीसराय मुख्यालय कबैया थाना क्षेत्र के बाजार समिति प्रांगण में बिस्कोमान भवन में बुधवार को खाद वितरण कार्य शुरू होने के साथ ही पॉस मशीन की खराबी से बंद हो गया। इससे उग्र किसानों ने न सिर्फ हंगामा किया बल्कि पथराव किया। रोड़ेबाजी में प्रबंधक चोटिल हो गए। किसानों पर काबू पाने पहुंची पुलिस भी पूरी तरह बेबस दिखी।

दरअसल, सुबह से ही खाद वितरण के दौरान हंगामे की स्थिति बनी रही। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची। पहले खुद कबैया थानाध्यक्ष ने किसानों को समझा-बुझाकर कतारबद्ध कर दिया और फिर वहां से चले गए।  उनके जाते ही किसान पुनः उत्तेजित होने लगे। दोपहर तक पॉस मशीन ठीक न होने की जानकारी देने पुलिस की सलाह पर बिस्कोमान प्रबंधक रंजय कुमार बाहर निकले तो किसानों ने रोड़ेबाजी शुरू कर दी। 

पुलिस की उपस्थिति में ही हुई रोड़ेबाजी में एक ईंट का टुकड़ा प्रबंधक को जा लगा। चोटिल प्रबंधक पुलिस अभिरक्षा में बिस्कोमान भवन कार्यालय गोदाम में चले गए। प्रबंधक ने फोन पर बताया कि मुकम्मल सुरक्षा व्यवस्था मिली तभी वितरण का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो पाएगा। ऐसे में गुरुवार को भी खाद वितरण कार्य को लेकर संशय है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।