Breaking News

जरूरत पड़ी तो ममता बनर्जी के खिलाफ दर्ज कराएंगे FIR... राष्ट्रगान के 'अपमान' पर भड़के शुभेंदु अधिकारी

 



पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। उनका यह बयान सीएम ममता के द्वारा कथित तौर पर राष्ट्रगान के अपमान को लेकर आया है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'अगर जरूरत पड़ी तो हम राष्ट्रगान का अनादर करने के लिए ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। वह अपने राजनीतिक सलाहकार के अनुसार काम कर रही हैं और अगला पीएम बनना चाहती हैं।' अधिकारी ने कहा कि लोग नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं और वह अगली बार 400 से अधिक सीटों के साथ जीतेंगे।

ममता बनर्जी ने राष्ट्रगान का किया अनादर: भाजपा नेता
भाजपा की मुंबई इकाई के एक पदाधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शहर की यात्रा के दौरान राष्ट्रगान का अनादर करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। ममता मंगलवार और बुधवार को शहर की यात्रा पर थीं और इस दौरान उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ शिवसेना और राकांपा के नेताओं से मुलाकात की।

भाजपा की मुंबई इकाई के सचिव विवेकानंद गुप्ता ने शहर के पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले को लिखे पत्र में आरोप लगाया, ''ममता बनर्जी का राष्ट्रगान को अचानक रोकना इसके पूर्ण अनादर को दिखाता है। उन्होंने 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम-1971' की धारा तीन के तहत अपराध किया है।'' उन्होंने कथित घटना के बारे में विशेष जानकारी नहीं दी।

गुप्ता ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के 2015 के आदेश का उल्लंघन किया है, जिसमें यह कहा गया कि जब भी राष्ट्रगान बजाया या गाया जाए तो दर्शक सावधान मुद्रा में खड़े होंगे।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।