मोतिहारी: चुनाव लड़ने की हिम्मत कैसे कर दी... जीत के बाद विजेता ने समर्थकों संग हारे हुए उम्मीदवार पर किया हमला
पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना क्षेत्र की परसना तपसी पंचायत के गाद बहुअरी गांव में बुधवार सुबह चुनावी रंजिश में हुई झड़प में पंच पद के हारे प्रत्याशी बाबुल हसन (55) की मौत हो गयी। पंचायत चुनाव में विजयी पंच प्रत्याशी एनामुल हसन व उसके समर्थकों पर चुनाव जीतने के बाद बाबुल हसन के साथ मारपीट का आरोप लगा है। मारपीट में ही उसकी मौत हो गयी।
पनलवा थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ बाबुल हसन के घर पर धावा बोल तेज हथियार से हमला कर दिया। हमलावर बोल रहे थे कि चुनाव लड़ने की हिम्मत कैसे कर दी। हमलावरों ने बाबुल हसन के सिर पर हमला किया जिससे उसका सिर फट गया। अधिक खून बहने से उसकी स्थिति गंभीर हो गयी थी। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गयी।
इधर, मौत की सूचना के बाद गांव में तनाव हो गया। दोनों पक्ष के लोग सड़क पर उतर गये। तनाव की भनक मिलते ही चार थानों की पुलिस वहां पहुंची। स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस तनाव की स्थिति को देख वहां कैंप कर रही है। हमलावर व मृतक पट्टीदार बताए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, इस बाबत पीड़ित पक्ष से अबतक आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में रक्सौल एएसपी चंद्रप्रकाश कैंप किये हुए है। इधर, एएसपी चंद्रप्रकाश ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रित है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लेकर सघन छापेमारी की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।