Breaking News

नवादा: युवक को पहले किया अगवा, हत्या कर शव को कर दिया गायब, घटनास्थल से मिले खून के छींटे, टूटी मोबाइल व चप्पलें

 



नवादा में 40 वर्षीय युवक की अगवा कर हत्या की आशंका जतायी गयी है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव में रविवार की रात की बतायी जाती है। लापता युवक नरेन्द्र कुमार उर्फ पिंटू कुमार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव के कृष्णनंदन प्रसाद का बेटा बताया जाता है। 

परिजनों के मुताबिक घटना के वक्त पिंटू गांव के बधार में खंधा आहर के समीप स्थित अपने खेतों में हार्वेस्टर मशीन से धान कटाने निकला था। हत्या कर शव गायब कर देने की मिली सूचना पर मुफस्सिल पुलिस सोमवार की सुबह करीब 10:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल के समीप खेतों में खून के छींटे मिले और करीब 400 मीटर दूरी पर खेतों में ही स्थित एक पुराने कुएं से उसकी मोबाइल बरामद की गयी। मोबाइल टूटी हुई थी। खेतों से ही उसकी चप्पलें भी बरामद की गयी। पुलिस के अलावा मौके पर जुटी सैंकड़ों ग्रामीणों की भीड़ ने काफी देर तक खेतों के आसपास पिंटू की तलाश में खोजबीन की। परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की व बयान दर्ज किया।इधर, पुलिस के मुताबिक आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद घटना का सच सामने आयेगा। फिलहाल मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।  

हार्वेस्टर मालिक समेत चार पर प्राथमिकी

मामले में पिंटू के पिता कृष्णनंदन प्रसाद द्वारा मुफस्सिल थाने में सोमवार की शाम प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। प्राथमिकी में उसके बेटे पिंटू को अगवा कर उसकी हत्या करने व साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को ले भागने का आरोप लगाया गया है। मामले में हार्वेस्टर मालिक समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। इनमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सकुलाचक गांव के स्व. जगदीश सिंह के बेटे सुरेंद्र सिंह उर्फ छोटे सिंह, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव के मधुसूदन सिंह के बेटे माधो सिंह व धर्मवीर सिंह उर्फ धर्मा तथा सकुलाचक गांव के भोनू यादव के बेटे सिधो यादव को आरोपित किया गया है। 

धान कटाने के बाद रुक गया था युवक

परिजनों के मुताबिक पिंटू रविवार को घर से करीब 6 बजे शाम में धान कटाने निकला था। धान कटाने के बाद उसके माता व पिता समेत अन्य परिजन धान लेकर रात करीब 09 बजे तक घर लौट आये, परंतु पिंटू वहीं रूक गया। रात करीब दस बजे पिंटू के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, परंतु उसका पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह करीब 4 बजे से दोबारा खोजबीन शुरू की गयी। इस दौरान घटनास्थल पर खून के छींटे और चप्पलें मिलने पर सुबह करीब 10 बजे मुफस्सिल पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। सूचना पर मुफस्सिल थाने के सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की व बयान दर्ज किया।इधर, पुलिस के मुताबिक आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद घटना का सच सामने आयेगा। फिलहाल मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।  

आरोपित फरार, मोबाइल भी बंद

पुलिस ने आरोपितों के घर पर उनकी तलाश में छापेमारी की। परंतु सभी आरोपित घर से फरार पाये गये। उनके मोबाइल पर संपर्क साधने की कोशिश की गयी, परंतु सभी के मोबाइल बंद पाये गये। पिंटू के हार्वेस्टर से घायल होने अथवा मौत होने की भी आसपास चर्चा है। घटना को लेकर लोहरपुरा पंचायत के जनप्रतिनिधि द्वारा भी आरोपित पक्ष से संपर्क साधने और पीड़ित पक्ष से बातचीत की पहल की गयी, परंतु मामले का कोई फलाफल नहीं निकल सका। 

युवक पिंटू गांव के बधार में खंधा आहर के समीप स्थित अपने खेतों में  मशीन से खेत पर शाम में धान कटाने गया था। उसके पिता व अन्य धान लेकर रात में लौट आये। युवक वहीं रुक गया। उसका अब तक पता नहीं चल सका है। घटनास्थल पर खून के निशान  और करीब 400 मीटर दूरी पर खेतों में ही स्थित एक पुराने कुएं से उसका मोबाइल बरामद किया गया। पिता कृष्णनंदन प्रसाद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अनुसंधान में हत्या अथवा दुर्घटना से मौत का खुलासा हो सकेगा। -उपेन्द्र प्रसाद, एसडीपीओ सदर, नवादा।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।