पटना की लवली निकली गैंग की सरगना, बिहार से झारखंड दिल्ली तक फैलाया था नेटवर्क, दूल्हे के साथ किया ये काम
रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर और लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि पटना की महिला लवली सिंह गिरोह की सरगना है। वह पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड इंद्रपुरी से गिरोह का संचालन किया करती थी। रांची से लेकर दिल्ली तक के लुटेरे इस गिरोह में शामिल हैं। पुलिस की टीम ने सरगना समेत छह आरोपियों को विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चान्हो के तरंगा के फरीद खान, हजारीबाग के शिव कुमार, अशफाक अंसारी, मो अजहर और मुश्ताक आलम उर्फ अरमान शामिल है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट के तीन चार पहिया वाहन के अलावा 34 हजार नगदी, फर्जी गाड़ी के कागजात व अन्य चीजें बरामद की हैं। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि बुढ़मू के पाथकोई गांव में एक दिसंबर को शादी करने आए दूल्हे को लकड़ी की बंदूक से अगवा कर उनकी कार लूट ली गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर खेलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहले फरीद आलम को पकड़ा।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पटना से लवली को और अन्य आरोपियों को हजारीबाग से गिरफ्तार किया। इन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी हुई तीन चारपहिया वाहन हजारीबाग से बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है।गिरोह की सरगना लवली सिंह पूरी प्लानिंग के साथ गिरोह के सदस्यों से वाहन की चोरी व लूट की वारदात को अंजाम देती थी। उसने हर काम के लिए अलग-अलग टीम बनायी है। गाड़ी की चोरी करने और इंजन व चेचिस नंबर बदलने के अलावा फर्जी कागजात बनाने के लिए के लिए अलग-अलग टीम है। गाड़ी चोरी व लूटने के बाद उसे सीधे हजारीबाग लाया जाता है, जहां पर नंबर व चेचिस नंबर बदल दिया जाता है। आरोपी लवली सिंह ने पुलिस को बताया कि हाइवे में वह वाहन चालक से लिफ्ट मांगती थी। एक निर्धारित जगह पर उसके कुछ लोग पहले से ही खड़े रहते थे। उस जगह पर पहुंचते ही वह सदस्यों की मदद से गाड़ी लूट लेती थी।
रांची पुलिस ने नहीं दी सूचना
पकड़ी गई लवली पटना के पाटलिपुत्र क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पाटलिपुत्र थाना प्रभारी एसके शाही ने बताया कि गिरफ्तार लवली के बारे में रांची पुलिस ने अबतक न तो सूचना दी है और न ही संपर्क साधा है। जरूरत पड़ी तो लवली के कारनामों की जानकारी हासिल की जाएगी। उसके खिलाफ यहां कोई मामला दर्ज है, इसका भी पता किया जाएगा।
दिल्ली में वाहन लूटकर हजारीबाग लाए थे
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने कुछ दिन पहले दिल्ली में दो चार पहिया वाहनों की लूट की थी। उसे हजारीबाग में लाकर नंबर बदलकर चलवाया जा रहा था। जब्त किए गए तीन में से दो वाहन दिल्ली के ही हैं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस गिरोह में और भी सदस्य हैं, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरोह की सरगना लवली सिंह ठाठबाट में रहती थी। वह जहां भी जाती थी महंगे होटलों में रहती थी। वह खुद को बैंक का अधिकारी बताकर होटल में रूम बुक करती थी। वहीं पर वह गिरोह के सदस्यों के साथ मीटिंग भी किया करती थी। वह कपड़े भी महंगे पहना करती थी ताकि अधिकारी लगे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।