Breaking News

खुलासा : नेपाल का मोगली महाराज है अंतरराष्ट्रीय चरस गिरोह का सरगना, अफगानिस्तान-पाक से बिहार पहुंचती थी चरस की खेप

 



अंतरराष्ट्रीय चरस गिरोह का सरगना नेपाल का संजय शर्मा उर्फ मोगली महाराज है। उसके तार पाकिस्तान से भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है। इसका खुलासा पटना के गांधी मैदान और शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार चरस तस्कर रवि शर्मा और आसिफ ने पुलिस की पूछताछ में किया है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। जरूरत पड़ने पर पुलिस उनको रिमांड पर ले सकती है।

पूछताछ में दोनों ने कई चौंकाने वाले राज उगले हैं। सूत्रों की मानें तो सरगना मोगली महाराज मादक पदार्थों की तस्करी के लिए पटना को जंक्शन प्वाइंट बना रहा था। बिहार में दो अंतरराष्ट्रीय मार्गों से चरस, हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थों की खेप बिहार लायी जा रही थी। एक रूट थाइलैंड-बांग्लादेश-म्यांमार-पश्चिम बंगाल का और दूसरा रूट अफगानिस्तान-पाकिस्तान-राजस्थान का बताया जा रहा है। इन रूट से देश में नशीले पदार्थों की खेप लायी जाती थी। इसके बाद विभिन्न मार्ग से बिहार और नेपाल के काठमांठू तक माल पहुंचाया जाता था।

नेपाल का काठमांडू चरस गिरोह का सुरक्षित अड्डा था, जहां से बिहार, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में चरस की खेप भेजी जाती थी। यहीं से पूरब के देशों में भी चरस की सप्लाई करने की बात का पता चला है। इस खुलासे के बाद पुलिस के साथ ही जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। पूरे गिरोह के नेटवर्क और उनके कनेक्शन को खंगालने में पुलिस जुटी है। जांच का दायरा बढ़े तो इस गिरोह से जुड़े कई गुर्गों पर शिकंजा कस सकता है।

दो माह पूर्व गोवा में पहली बार रवि की मोगली से हुई थी मुलाकात

दरअसल, शनिवार को गांधी मैदान की पुलिस ने एक किलो चरस के साथ राजस्थान के तस्कर रवि शर्मा को गिरफ्तार किया था, जबकि शास्त्रीनगर पुलिस ने समनपुरा से दूसरे बड़े चरस तस्कर आसिफ को डेढ़ किलो चरस के साथ पकड़ा था। पूछताछ में रवि ने पुलिस को बताया कि दो माह पूर्व वह काम की तलाश और घूमने के लिए गोवा गया था। जहां पर उसकी चरस तस्कर मोगली महाराज से मुलाकात हुई। वहीं चरस तस्कर आसिफ के पिता एयरफोर्स के सार्जेंट से रिटायर कर्मी हैं। संपन्न परिवार का आरोपित आसिफ कोलकाता, गोवा व अन्य राज्यों में घूमने जाता रहता था। इसी दौरान गोवा में पहली बार उसकी भी मुलाकात मोगली महाराज से हुई थी। मोगली महाराज ने दोनों से कहा कि काठमांठू में नया रेस्टोरेंट खोल रहा हूं। चलिए वहां नौकरी मिल जाएगी। इसके बाद दोनों काठमांठू चले आए। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।