Breaking News

यूपी आने वालों को साथ लाना होगा यह सर्टिफिकेट, नहीं तो बॉर्डर से ही किए जाएंगे वापस

 



यूपी में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को वैक्सीन लगवाने का सर्टिफिकेट अपने पास रखना होगा। बार्डर पर चेकिंग हो सकती है। यदि सर्टिफिकेट नहीं मिला तो वापस भी किए जा सकते हैं। आगरा में दूसरे प्रदेशों से आने वालों पर नजर रखनी शुरू हो गई है। कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए बॉर्डर पर राजस्थान से आने वाले लोगों की कोरोना जांच भी की जा रही है। अब दिल्ली और मध्य प्रदेश से आने वाले लोगों पर भी इसी तरह की सख्ती किए जाने का निर्णय लिया गया है। 

ओमिक्रोन ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट हो चुका है। कई गतिविधियों पर प्रतिबंध भी लग चुका है। इन तीनों राज्यों से आगरा की सीमा सटी हुई है। ताजमहल होने के कारण सबसे ज्यादा सैलानी जयपुर और दिल्ली से ही आगरा आता है। पर्यटन के हिसाब से इन शहरों के पर्यटन त्रिकोंण (ट्राएंगल) भी कहा जाता है। इसको देखते हुए इन राज्यों के बार्डरों पर सबसे ज्यादा एहतियात बरते जाने का निर्णय लिया गया है। राजस्थान से आने वाली सभी रोडवज बसों को चेक पोस्ट पर ही रोककर सवारियों की सैंपलिंग किए जाने का कार्य शुरू भी हो गया है। 

बार्डरों पर जल्द होगी सैंपलिंग

अब दिल्ली और मध्य प्रदेश से आने वाले सैलानियों को अपने साथ कोरोना टीके लगवाने का प्रमाण पत्र रखना होगा। कहीं भी चेकिंग के दौरान इसे देखा जा सकता है। यदि प्रमाण पत्र न मिला तो सैलानियों को वापस भी लौटाया जा सकता है। यही नहीं इन दोनों राज्यों के बार्डरों पर भी जल्द ही सैंपलिंग का काम भी शुरू किया जा सकता है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा कि लोग सख्ती न समझें। सभी लोग कोरोना की दो लहर देख चुके हैं। इसलिए उन्हें स्वयं भी एहतियात बरतना होगा। 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।