Breaking News

बिहार: लॉकडाउन के दौरान शराब बेचे जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कई पुलिसकर्मी घायल



बिहार के सारण जिले के जलालपुर थाने के रामपुर नूरनगर गांव में शराब के लिए छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर धंधेबाजों ने लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर व कुदाल से हमला कर दिया। इस हमले में थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। वहीं पुलिस ने तीन हमलावरों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में घायल सभी पुलिसकर्मियों का इलाज सामुदायिक अस्पताल में किया गया। 
घटना गुरुवार की देर शाम की बताई गई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अंडा दुकान की आड़ में देसी शराब बेची जा रही है। पुलिस ने वहां पहुंच कर पांच लीटर देसी शराब बरामद कर जैसे ही चली धंधेबाजों ने ईंट-पत्थर व लाठी डंडे से हमला कर दिया। इस बीच एक आरोपी ने थानाध्यक्ष मो.असदुल इस्लाम पर कुदाल से हमला कर दिया जिसमें वे चोटिल हो गए। साथ ही पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार, पुलिस बल के जवान सुबोध कुमार ठाकुर, गौरव कुमार व शंभूनाथ दूबे चोटिल हो गए। 
पुलिस ने मौके से रामपुर नूरनगर गांव के हमलावर धंधेबाज विजय महतो एवं राजकुमार कुशवाहा उर्फ राजू तथा बनियापुर थाने के खपरा गांव के राघो प्रसाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार के बयान पर तीन नामजद एवं आठ दस अज्ञात के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।