Breaking News

बिहार : लॉकडाउन के बीच कार, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर सहित सभी गाड़ियों के शोरूम खोलने के आदेश


बिहार सरकार ने लॉकडाउन के बीच गाड़ियों के शोरूम खोलने की इजाजत दे दी है। इसके साथ ही कार, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर समेत अन्य गाड़ियों शोरूम खोलने का रास्ता साफ हो गया है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया। डीएम अपने-अपने जिलों में स्थित इन वाहनों के शोरूम को खोलने का आदेश अलग से जारी करेंगे।
गृह विभाग ने 6 मई को जारी आदेश में ऑटोमोबाइल से जुड़े प्रतिष्ठानों को खोलने की इजाजत दी थी, लेकिन इसमें शोरूम का जिक्र नहीं होने के चलते संशय की स्थिति बन गई। उक्त आदेश के बावजूद शोरूम खोलने की इजाजत जिला प्रशासन द्वारा नहीं दी जा रही थी। ऐसी जानकारी मिलने के बाद गृह विभाग को दोबारा इस बाबत आदेश जारी करना पड़ा है। वाहनों की मरम्मत के प्रतिष्ठान यानी गैराज भी खुलेंगे। आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि राज्य में सभी तरह के वाहनों के शोरूम खोले जा सकते हैं। जिलाधिकारी इसका आदेश अपने स्तर से जारी करेंगे।  
बढ़ते जा रहे हैं कोरोना के मरीज :
बिहार में 14 जिलों में 52 कोरोना पॉजिटिव की पहचान रविवार को हुई। इसके अतिरिक्त एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत पीएमसीएच में इलाज के दौरान हो गई। कोरोना के कारण जिस मरीज की मौत हुई है वह बाढ़ के बेलछी  का रहने वाला था। पिछले दिनों अथमलगोला क्वॉरेंटाइन सेंटर में उसे पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद इलाज के लिए उस व्यक्ति को पटना के पीएमसीएच लाया गया था। 60 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पीड़ित मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
 वहीं, सबसे अधिक 9 कोरोना पीड़ित की पहचान पटना में ही हुई। इनमें बेलछी में 1, बाढ़ में 5, आलमगंज में 1 और पंडारक में 2 मरीजो को पॉजिटव पाया गया। जबकि किशनगंज में 8, सहरसा और मधेपुरा में 7-7, बेगूसराय, औरंगाबाद, भोजपुर में एक-एक, अररिया में 2, दरभंगा में 2, गया में 2, अरवल में 3, पूर्वी चंपारण में 4, मुजफ्फरपुर में 3, नवादा में 2 कोरोना पॉजिटव की पहचान की गई। वहीं, पटना मेडिकल कॉलेज में इलाजरत एक कोरोना पीड़ित की मौत हो गई। वह बाढ़ निवासी था।प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने बताया कि रविवार को पॉजिटव पाए गए मरीजों उम्र 10 वर्ष से 60 साल तक है। इनमें गया में मात्र एक महिला को कोरोना पॉजिटव पाया गया। अधिकांश मरीज दूसरे राज्यों से बिहार लौटने के बाद जांच में पॉजिटव पाए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।