Breaking News

बदला मौसम का मिजाज : दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान के साथ आई बारिश, दिन में छाया अंधेरा



दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में रविवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसी करवट बदली कि तेज आंधी-तूफान के साथ साथ आसमान में चारों ओर अंधेरा छा गया। इस बीच कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। 
मौसम विभाग के शनिवार को ही इसकी पूर्वानुमान जताते हुए बता दिया था कि रविवार को दिन में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की भी सकती है।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शनिवार
दिल्ली में शनिवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है।
हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि गर्मी का यह रुख बना नहीं रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार के दिन दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली के मानक माने जाने वाले सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। पालम में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की गई। पालम स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, आयानगर में 41.1 और लोधी रोड केन्द्र में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

23 दिनों बाद पड़ी इतनी गर्मी!
यूं तो राजधानी में इस बार लगातार ही तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। बीते दिसंबर महीने मे ऐतिहासिक तौर पर सबसे ज्यादा ठंड दिल्ली के लोगों ने झेली। इसके बाद जनवरी, मार्च और अप्रैल के महीने भी सामान्य से ठंडे रहे। इसी प्रकार का रुख मई के महीने में भी देखने को मिल रहा है। अप्रैल के महीने में सिर्फ एक दिन ही अधिकतम तापमान चालीस डिग्री पर पहुंचा था। 16 अप्रैल के दिन सफदरजंग केन्द्र में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके 23 दिनों के बाद अब तापमान चालीस डिग्री से ऊपर गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।