नल-जल योजना में घटिया निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाते हुए काम बंद कराकर बीडीओ से शिकायत
सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत के फकुली गांव में उप मुखिया राजा कुमार शर्मा के परिजन निर्माण कार्य करा रहे थे। ग्रामीणों ने नल-जल योजना में घटिया निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाते हुए काम बंद कराकर बीडीओ से शिकायत की। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ मोहम्मद सज्जाद, मुखिया अनिल कुमार पहुंचे। जब बीडीओ ने उपमुखिया के परिजनों से पूछा कि नल-जल का घटिया कार्य क्यों हो रहा है। जिस पर परिजनों ने कहा कि हुजूर! नल-जल का काम नहीं, हम तो अपना दालान बनवा रहे हैं। यह बात सुन अधिकारी अपने कार्यालय लौट आए।
क्या है मामला
प्रखंड के महम्मदपुर पंचायत का उपमुखिया राजा कुमार शर्मा साढ़े नौ लाख रुपये सरकारी राशि की निकासी कर लगभग एक साल से फरार है। महम्मदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 5 में नल-जल योजना में सिर्फ बोरिंग कराई गई है। उपमुखिया राजा कुमार शर्मा पर शादी की नियत से युवती के अपहरण की प्राथमिकी पानापुर थाने में दर्ज है। इसी मामले को लेकर वह फरार बताया जा रहा है।
बीडीओ ने डीएम से एफआईआर करने का मांगा आदेश
बीडीओ मोहम्मद सज्जाद ने डीएम को पत्र लिखकर महम्मदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 5 के वार्ड सदस्य सह उपमुखिया राजा कुमार शर्मा और वार्ड क्रियान्वयन समिति के सचिव लालबाबू सिंह पर सरकारी राशि गबन करने की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आदेश मांगा है। डीएम को लिखे पत्र में बीडीओ ने बताया है कि 22 फरवरी 2019 को 3 लाख और 8 मई 2019 को 7 लाख रुपये वार्ड क्रियान्वयन समिति के खाते में भेजी गई थी। जिसमें से 9 लाख 50 हजार रुपये निकासी कर ली गई है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।