Breaking News

बिहार: कोरोना को मात देने की खुशी में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा बैंड-बाजे के साथ घर लौटे भाजपा नेता, केस दर्ज



कोरोना को मात देने की खुशी भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता पर इस कदर हावी हुई कि वो भूल गए कि बिहार में कोरोना के चलते अब भी लॉकडाउन लगा हुआ है और वे सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए समर्थकों के बीच में बैंड-बाजे के साथ घर लौटे। विवाद ने तूल पकड़ा तो जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज कराया है। 
दरअसल बेगूसराय जिले के भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता कोरोना संक्रमित हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पटना में भर्ती कराया गया था। रविवार को अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिली तो प्रखंड के उत्तरी तेघड़ा के चिल्हाय पंचायत में उनके आवास पर उन्हें सम्मानित किया गया। उन्हें बैंड बाजे के साथ ग्रामीण घर लेकर लाए। इस बीच नेताजी और उनके समर्थक लॉकडाउन के सारे नियमों को ताक पर रखकर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते हुए मस्त दिखे। 
विवाद ने तूल पकड़ा तो जिला प्रशासन हरकत में आया। तेघड़ा एसडीओ डॉ निशांत ने पूरी घटना की जांच के आदेश दिया है। इस घटना का विडियो वायरल हुआ तब अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए पूरी मामले की छानबीन की और लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया। घटना में शामिल लगभग 15 अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। 25 अज्ञात लोगों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस बीच कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले कोरोना फैलाया फिर उनके समर्थकों द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। नेता के संपर्क में आए आठ लोग अब तक कोरोना संक्रमित हैं। उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है। 
थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि बैंड बाजा के साथ जब उनके समर्थक उन्हें घर ले जा रहे थे तब तीन संक्रमित व्यक्ति भी उनके साथ थे। इससे संक्रमण बढ़ने की परवाह किए बिना वे कार्यक्रम में शामिल रहे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया था, लेकिन स्वयं नेता जी और उनके समर्थकों ने बांस बल्ले से घेराबंदी को लांघ कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे। इस घटना से भाजपा के खेमे में अफरातफरी मची हुई है। गौरतलब है कि उनके संपर्क में आए और भाजपाई का कोविड-19 केस पॉजिटिव पाया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।