Breaking News

मोतिहारी में बच्ची समेत 3 लोगों को घायल करने वाला खूंखार तेंदुआ 14 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया



बिहार के मोतिहारी जिले में आखिरकार चौदह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खूंखार तेंदुआ को पकड़ लिया गया। वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से आई रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को बेहोश कर दबोचा। कोटवा थाने के मच्छरगावां में शनिवार सुबह से ही तेंदुए ने आतंक मचा रखा था। तेंदुए ने एक बच्ची सहित तीन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 

घटना के संबंध में घायल बुच्चा मांझी ने बताया कि घर के बगल में झाड़ी है। वहीं मूंज काटने गया थे। इसी दौरान अचानक झाड़ी से निकलकर किसी जानवर ने हमला कर दिया। किसी तरह अपनी जान बचा वहां से भागा। इस घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान, तेंदुए ने ग्रामीण बासठ पासवान पर हमला कर उनके बांह को बुरी तरह दबोचकर घायल कर दिया।  ग्रामीणों की भीड़ को आता देख तेंदुआ फिर से झाड़ी में जा छुपा। दिनभर तेंदुआ के लुका- छिपी का खेल जारी रहा।

गांव में तेंदुआ आने की सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, सीओ इन्द्रासन साह और वन विभाग के अधिकारी विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान एक घर में घुसे तेंदुए को घर में बंद कर रखा गया। गांव में तेंदुआ के आ जाने से ग्रामीण काफी डरे हुए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।