LJP प्रमुख चिराग पासवान ने नीतीश कुमार पर बोला हमला, कहा- अधिक दिन नहीं चलेगी सरकार
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। रविवार को पार्टी नेताओं की एक बैठक के दौरान चिराग पासवान ने दावा करते हुए कहा कि सूबे में नीतीश कुमार की सरकार अधिक दिनों तक नहीं चल पाएगी। चिराग ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि आप सभी संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। इस बैठक में चिराग पासवान ने एक ओर जहां नीतीश कुमार को निशाने पर लिया वहीं राज्य की एनडीए सरकार में शामिल भाजपा समेत अन्य घटक दलों के बारे में कुछ नहीं बोला।
लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। चिराग ने कहा हमें अगले चुनाव के लिए गठबंधन की चिंता नहीं है, इसकी चिंता तो उन्हें करनी चाहिए जो कि हमारे कारण हारते हैं। चिराग ने इशारों इशारों में दावा करते हुए कहा कि वे हमारे पास गठबंधन के लिए फिर से आएंगे।
चिराग पासवान ने कहा कि शराबबंदी के नाम पर बिहारीयों को तस्कर बनाया जा रहा है। बिहार कि माताएं-बहनें अपनों को तस्कर बनते नहीं देखना चाहती। बिहार के मुख्यमंत्री के संग सभी मंत्रियों को पता है की बिहारी रोज़गार के अभाव में शराब तस्करी के तरफ बढ़ रहा है लेकिन सब के सब को मानो सांप सूंघ लिया है।
वहीं लोजपा प्रमुख ने सूबे की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि आए दिन हत्या, लूट और बलात्कार हो रहे हैं। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।