Breaking News

बिहार में कोरोना का टीका ले चुके तीन डॉक्टर समेत 195 नए संक्रमित मिले, एक्टिव केस बढ़कर 468

 


बिहार में कोरोना की दूसरी लहर का कहर लगातार बढ़ रहा है। सूबे में 195 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। पटना जिले में पीएमसीएच के तीन डॉक्टर समेत 80 नए संक्रमित मिले। दो मरीजों की मौत पीएमसीएच के कोविड वार्ड में हो गई। इनमें से एक कैंसर पीड़ित था जबकि दूसरे 75 साल के बुजुर्ग जो कई बीमारियों से पीड़ित थे। 

संक्रमित तीनों डॉक्टर पूर्व में कोरोना का टीका ले चुके थे। इनमें से दो डॉक्टर मेडिसीन विभाग के हैं। एक्टिव संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 468 हो गई है। पटना में अब कुल संक्रमितों की संख्या 53592 हो गई है। इनमें 52667 लोग अबतक स्वस्थ हो चुके हैं। एम्स पटना में शनिवार को पांच नए संक्रमित भर्ती हुए जबकि चार स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। अब कोविड वार्ड में भर्ती  कुल मरीजों की संख्या 42 हो गई है। वहीं राज्य में शनिवार को 195 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की गयी। 

अबतक 241 माइक्रो कंटेनमेंट जोन के अंदर 180 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान 
बिहार में कोरोना संक्रमितों की पहचान के साथ ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं और माइक्रो कंटेनमेंट जोन के अंदर कोरोना संक्रमितों की सघन जांच की जा रही है। राज्य में अबतक 241 माइक्रो कंटेनमेंट जोन के अंदर 180 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सभी कोरोना संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है, ताकि संक्रमण का फैलाव दूसरे इलाकों में नहीं हो सके।
 
12 मार्च से अबतक 46 कोरोना के गंभीर मरीज मिले 

विभागीय सूत्रों के अनुसार राज्य में होली के मद्देनजर कोरोना संक्रमितों की पहचान 12 मार्च से तेजी से की जा रही है। जांच के दौरान राज्य में अबतक कोरोना संक्रमित 46 मरीजों की पहचान की गयी है। इन सभी गंभीर मरीजों का इलाज चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा है। 

अगले 48 घंटे में बिहार लौटने वाले यात्रियों की सघन जांच की तैयारी 
होली को लेकर अगले 48 घंटे में बिहार लौटने वाले यात्रियों की सघन जांच की तैयारी की गयी है। विभागीय सूत्रों ने बताया की पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, किशनगंज सहित विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल टीम की तैनाती की गयी है। मेडिकल टीम द्वारा यात्रियों की स्क्रीनिंग कर एंटीजेन टेस्ट के माध्यम से कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा रही है। इसी प्रकार, राज्य के सभी प्रमुख बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी मेडिकल टीम गठित कर कोरोना की जांच की जा रही है। प्रधान स्वास्थ्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जनों को कोरोना जांच के लिए विशेष निर्देश दिए है।  

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।