Bihar Crime: भोजपुर में अवैध बालू खनन के विवाद में तीन को मारी गोली, बाप-बेटे की हालत नाजुक, घायलों ने कहा- घेरकर मारी गोली
बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के सोन दियारे में सोमवार की रात तीन बाप-बेटों को गोली मार दी गयी। वारदात फूहां से सटे कमालुचक सोन दियारे में रात करीब साढ़े 11 बजे की बतायी जा रही है। घायलों में बड़हरा थाना क्षेत्र के फूहां गांव निवासी 60 वर्षीय दीनबंधु बिंद, उनका 35 वर्षीय पुत्र विष्णु बिंद और 28 वर्षीय भगवान बिंद हैं। आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए तीनों को पटना रेफर कर दिया गया है। फायरिंग करने वालों की संख्या आठ से दस बतायी जा रही है। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत और बड़हरा थानाध्यक्ष अवधेश कुमार रात में ही अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ कर जानकारी ली। बाद में बड़हरा और कोईलवर थाना की पुलिस घटनास्थल पर भी गयी और मामले की तफ्तीश की।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना के संबंध में घायलों का कहना है कि उनलोगों का किसी से कोई विवाद नहीं है। रात में तेलहन काट घर लौटने के दौरान रास्ते में घेर कर तीनों को ताबड़तोड़ गोलियां मार दी गयी है। घायलों का कहना है कि बालू ले जाने के संदेह में गोली मारी गयी है। पुलिस बालू के अवैध खनन को ले दो गुटों के वर्चस्व में घटना को अंजाम दिये जाने की बात कह रही है। इसमें कोईलवर इलाके के दो गिरोह का नाम आ रहा है।
दूसरी तरफ जख्मी दीनबंधु बिंद ने बताया कि सोमवार की रात सरसों (तेलहन) काटकर ट्रैक्टर पर लोड कर अपने दोनों बेटों सहित तीन अन्य लोगों के साथ वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच दियारा में आठ से दस की संख्या में रहे हथियार से लैस आठ-दस लोग आ धमके। इस दौरान बालू ले जाने का आरोप लगाकर ताबड़तोड़ फार्यंरग करने लगे। इसमें तीनों को गोली लग गयी। जबकि ट्रैक्टर पर सवार अन्य तीन लोग भाग खड़े हुये। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है।
ट्रैक्टर पर बालू नहीं तेलहन, फिर भी चलाते रहे गोलियां
जख्मी दीनबंधु बिंद ने भी बालू के संदेह में ही गोली मारे जाने की बात
स्वीकार की है। उसने बताया कि बड़हरा थाना क्षेत्र के चौरासी गांव के यमुना
राय से दस बिगहा खेत मालगुजारी पर लिया है। उसमें सरसों की खेती की है। वह
देर रात अपने दो बेटों और अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर से तेलहन लेकर आ रहा
था। तभी सोन के दियारे में आठ-दस लोगों ने ट्रैक्टर घेर लिया और बालू ले
जाने का आरोप लगाने लगे। वह समझाता रहा कि ट्रैक्टर पर बालू नहीं तेलहन है।
लेकिन हथियारबंद लोगों ने एक नहीं सुनी और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे।
इसमें तीनों को गोली लग गयी। उसको एक गोली बायें हाथ में कलाई पर और दूसरी
गोली बाएं पैर में जांघ में लगी है। उनके पुत्र विष्णु बिंद को एक गोली
बायीं साइड पेट में और एक गोली बायें हाथ में लगी है। उनके दूसरे पुत्र
भगवान बिन्द को एक गोली कमर के ऊपर लगी है। उसके बाद तीनों को आरा सदर
अस्पताल लाया गया। वहां प्राइमरी इलाज के बाद तीनों को पटना रेफर कर दिया
गया। जख्मी दीनबंधु बिंद ने फायरिंग में शामिल दो-तीन लोगों का नाम भी
बताया कि। उसके अनुसार गोली चलाने में कोईलवर थाना क्षेत्र के पचरूखिया
गांव के कुछ लोग थे।
बालू और घाट को लेकर दो गुटों में वर्चस्व में हुई घटना
पुलिस बाप-बेटों को गोली मारे जाने की घटना को दो गुटों के बीच बालू और घाट
को लेकर वर्चस्व का नतीजा बता रही है। पुलिस के अनुसार तीनों बाप-बेटे एक
गुट के लिये बालू के खनन का काम करते हैं। घटना के बाद सदर अस्पताल और मौके
पर पहुंच छानबीन करने के बाद बड़हरा पुलिस के हवाले से इसकी जानकारी मिली।
सदर एसडीपीओ द्वारा भी अवैध बालू खनन और घाट पर वर्चस्व को लेकर ही घटना को
अंजाम दिये जाने की बात कही जा रही है। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से
सत्येंद्र पांडेय और बलि सिंह गिरोह के बीच रंजिश चल रही है। इसे लेकर
पूर्व में भी दोनों गुटों में गोलीबारी हो चुकी है। रात दियारे की घटना में
भी इसी दोनों गिरोह का नाम आ रहा है।
लगातार छापेमारी, फिर भी नहीं थम रहीं घटनाएं
आरा। लोगों की मानें तो अवैध धंधे में पैसे की लालच को भांप इस इलाके में
वैध के साथ कई अवैध बालू घाट चल रहे हैं। इन घाटों पर वर्चस्व को लेकर आये
दिन खून खराबा होती रहती है। ज्ञात हो कि बीते दिनों इस इलाके में लगातार
हो रही गोलीबारी से पुलिस परेशान हो गई थी। उसे लेकर एसपी के निर्देश पर इस
इलाके के बालू घाटों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गई थी। पूर्व में भी
दियारे में कई बार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। उसमें
कइयों को अपनी जाने गंवानी पड़ी हैं। गोलीबारी के मामले में कई लोग जेल के
सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। लेकिन बालू के अवैध खनन का धंधा और घाट पर
वर्चस्व का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।