Breaking News

Bihar Panchayat Election: पटना के लिए सीवान और वैशाली से आएंगे EVM सेट, राजधानी में आठवें चरण में हो सकते हैं पंचायत चुनाव

 


पटना जिले की सभी पंचायतों में सभी छह पदों के लिए आठवें चरण में मतदान होना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को पंचायत चुनाव-2021 की तैयारी के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अवगत कराया गया कि पटना जिला में 322 पंचायतों के छह पदों के लिए चुनाव की तैयारी जारी है। 

पटना जिले में चार हजार 354 वार्ड हैं। मतदान केंद्रों की संख्या चार हजार 705 हैं। जिसमें मूल मतदान केंद्र की संख्या चार हजार 354 तथा सहायक मतदान केंद्रों की संख्या 351 है। पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए पांच हजार 411 ईवीएम सेट की आवश्यकता होगी। प्रत्येक ईवीएम सेट में छह बैलेट यूनिट (बीयू) होगी। अर्थात प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग बैलट यूनिट रहेगी। 32 हजार 466 बैलट यूनिट की जरूरत पड़ेगी। सीवान और वैशाली से ईवीएम सेट आएंगे। इसके लिए ईवीएम संग्रहण केंद्र बख्तियारपुर, मसौढ़ी, नौबतपुर में बनाये जाने की योजना है।  

पटना जिले में 25 लाख मतदाता
इस चुनाव में 18 हजार 420 मतदान कर्मियों की जरूरत होगी। लगभग 25 लाख मतदाता वोट डालेंगे। जिला स्तर पर अभी 322 पंचायतों में चुनाव की तैयारी की जा रही है। किंतु नये नगर निकायों की अधिसूचना अभी नगर विकास विभाग से नहीं हुआ है, इसलिए उन 14 पंचायतों का भी आंकड़ा पंचायत चुनाव की तैयारी में शामिल है। अगर अधिसूचना जारी  होती है तो 11 पंचायतें नगर निकाय में समाहित हो जाएंगी। न्यूनतम मानक जनसंख्या (3000) कम रहने के कारण तीन पंचायतों का उनके निकटतम पंचायत में विलय हो जाएगा। 14 पंचायत घटने के उपरांत 308 पंचायतों में चुनाव होंगे। पंच, सरपंच, वार्ड सदस्य, मुखिया, समिति सदस्य, जिला पार्षद पद के लिए चुनाव होना है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।