Bihar: अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी, आरा-छपरा पुल पर बवाल, पुलिस फायरिंग में खलासी की मौत, गुस्साये लोगों ने किया पथराव, सैकड़ों वाहनों के शीशे तोड़े
अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी के दौरान सारण व भोजपुर जिले की सीमा पर डोरीगंज थाना क्षेत्र के बलवन टोला दियारा क्षेत्र में गुरुवार की शाम जमकर बवाल हुआ। रोड़ेबाजी कर रहे लोगों से बचने के क्रम में बड़हरा पुलिस ने फायरिंग कर दी जिसमें एक ट्रैक्टर के खलासी की मौत हो गयी। इससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और लोग हंगामा करने लगे।
कारोबारियों व लोगों ने पुलिस पर वसूली को लेकर गोली मारने का आरोप लगाया है। इस घटना के क्रम में सैकड़ों ट्रकों के शीशे फोड़ दिये गये। बड़हरा पुलिस की गाड़ी को पलट कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरा-छपरा पुल पर भीषण जाम की वजह से अफरातफरी की स्थिति मची हुई है। घटना के बारे में लोगों का कहना है कि भोजपुर जिले के बड़हरा थाना की पुलिस अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी करने गयी थी। इसका कारोबारियों ने विरोध किया। इस क्रम में ही पथराव शुरू हो गया और भगदड़ मच गयी। भीड़ को तितर-बितर करने और बचाव में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी।
इस बीच ही खाना खाकर लौटा खलासी सचिन कुमार आ पहुंचा और उसे गोली लग गयी। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक अमनौर थाना क्षेत्र के विशुनपुर प्रताप निवासी शोभनाथ राय का पुत्र बताया जाता है। हालांकि मौके पर मौजूद भीड़ पुलिस पर सीधे गोली मारने का आरोप लगा रही थी। इस घटना के बाद उग्र लोगों ने बवाल मचाना शुरू कर दिया। डर से किसी थाना की पुलिस आसपास आने की हिम्मत भी नहीं कर रही थी। खलासी की हत्या होने की पुष्टि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की है। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस जुटी हुई है।
दो से अधिक वाहनों को बनाया निशाना
खलासी की मौत से आक्रोशित लोगों ने दो सौ से अधिक वाहनों के शीशे फोड़ दिए। उग्र भीड़ के आगे वाहन चालक असहाय दिखे। भीड़ किसी की सुनने को तैयार ही नहीं थी। सभी लोग अपना जान बचाकर भाग रहे थे। समानचार लिखे जान वक्त घटना के बाद जाम से एम्बुलेंस समेत कई वाहन परिजनों के साथ फंसे हुए हैं।
चार ट्रकों से सिलेंडर ले भागे
घटना के बाद लोग ट्रक पर लदे एचपी कंपनी के सिलेंडर भी ले भागने लगे। बड़हरा इलाके में हो रही इस घटना के दौरान पुलिस ने लोगों को खदेड़ कर भगाने का भी प्रयास किया। लगभग चार ट्रकों पर लदे सिलेंडर को ट्रैक्टर पर रख कर लोग भाग रहे थे। पुलिस उन्हें जब तक पूरी तरह रोक पाती तब तक काफी सिलेंडर खाली हो चुके थे।
पुलिस घटनास्थल पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पायी
खलासी की मौत के बाद घटनास्थल पर तुरंत जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। डोरीगंज थाने में डीएसपी पुलिस बल के साथ जमे थे तो बरहरा पुलिस घटनास्थल पर जाने को तैयार नहीं हुई। लोगों का कहना है कि घटना के बाद यदि पुलिस आती तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।